नई दिल्ली: हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 की शुरुआत 7 नवंबर से होगी और इसका फाइनल मुकाबला 9 नवंबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 29 मैच होंगे, जिनमें खिताबी मुकाबले भी शामिल हैं, और ये सभी तीन दिनों के अंदर संपन्न होंगे। इस बार प्रतियोगिता में 12 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें तीन-तीन टीमों के चार अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस का आयोजन पहली बार 1990 में हुआ था, जिसमें 6-6 ओवर के शॉर्ट फॉर्म मैच खेले जाते हैं। इस साल सभी मुकाबले तिन क्लेंग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। भारतीय टीम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है और उसे पाकिस्तान के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है।
7 नवंबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 में मुकाबला 7 नवंबर को खेला जाएगा। दोनों टीमों को कुवैत के साथ ग्रुप-सी में शामिल किया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1:05 बजे होगी। टीम इंडिया को इसके अलावा अपना अगला मैच इस ग्रुप में कुवैत की टीम के खिलाफ 8 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 6:40 पर खेलना है। इस टूर्नामेंट में हर ग्रुप में टॉप-2 में रहने वाली टीम क्वार्टर फाइनल स्टेज के लिए अपनी जगह को पक्का करेंगी, जिसके बाद नॉकआउट स्टेज की शुरुआत होगी।
यहां पर देखिए हॉन्ग सिक्सेस किस ग्रुप में कौन सी टीम
पूल ए – साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, नेपाल।
पूल बी – ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, यूएई।
पूल सी – भारत, पाकिस्तान, कुवैत।
पूल डी – श्रीलंका, बांग्लादेश, हॉन्ग कॉन्ग।
भारत की टीम हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में, ये खिलाड़ी होंगे मैदान पर
हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड तैयार हो गया है। टीम की कप्तानी इस बार पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के कंधों पर होगी। इसके अलावा स्क्वाड में अनुभवी खिलाड़ियों जैसे स्टुअर्ट बिन्नी, रॉबिन उथप्पा, शहबाज नदीम, प्रियांक पांचाल और भरत चिपली को भी जगह मिली है। यह टीम अपने संतुलित संयोजन और अनुभव के दम पर टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने उतरेगी।
भारत में हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 मैच कैसे और कहां देखें
हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 के मैचों को भारत में देखने के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलिकास्ट उपलब्ध होगा। वहीं, मैचों की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए सोनी लिव ऐप और फैनकोड ऐप पर भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्रिकेट हॉन्ग कॉन्ग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी फैंस इन मुकाबलों को लाइव देख सकते हैं।

