नई दिल्ली : दिनेश कार्तिक की कप्तानी में भारत ने हॉन्गकॉन्ग सुपर सिक्सेज अभियान की शुरुआत जोरदार अंदाज में की थी। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 2 रन से मात देकर शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि, दूसरे मैच में भारतीय टीम का प्रदर्शन फीका रहा और कुवैत ने उसे एकतरफा मुकाबले में हराकर बड़ा झटका दिया।
कुवैत के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित नहीं हुई। कुवैत ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए 36 गेंदों पर यानी 6 ओवर में ही 5 विकेट पर 106 रन कूट डाले। भारत को जीत के लिए 107 रन का टारगेट मिला था, लेकिन दिनेश कार्तिक की टीम 5.4 ओवर में 6 विकेट पर 79 ही बना पाई और उसे 24 रन से हार मिली।
भारत की कमजोर बल्लेबाजी से टीम को झेलनी पड़ी हार
कुवैत के खिलाफ मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही जब पाकिस्तान के खिलाफ मैच के हीरो रॉबिन उथप्पा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम दबाव से उबर नहीं पाई। प्रियांक पांचाल ने 17 रन और कप्तान दिनेश कार्तिक ने 8 रन बनाए। स्टुअर्ट बिन्नी केवल 2 रन ही जोड़ पाए, जबकि अभिमन्यु मिथुन ने 26 और शाहबाज नदीम ने 19 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन इन प्रयासों के बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
कुवैत की धमाकेदार जीत, यासीन पटेल की 14 गेंदों में ताबड़तोड़ 58 रनों की पारी
भारत के खिलाफ कुवैत के कप्तान यासीन पटेल ने तूफानी बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने मात्र 14 गेंदों में नाबाद 58 रन जड़ दिए, जिसमें 8 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उनकी पारी का स्ट्राइक रेट 414.29 रहा। वहीं बिलाल ताहिर ने भी तेजी से रन बटोरे और 9 गेंदों पर 25 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके शामिल थे। भारतीय टीम की ओर से अभिमन्यु मिथुन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके। अपनी विस्फोटक पारी के लिए यासीन पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

