एनएसटी न्यूज, भोपाल। रेलवे ग्राउंड भोपाल में आयोजित प्रथम निखिल कुशवाह स्मृति अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत बुधवार को दूसरा मुकाबला होप क्रिकेट अकादमी और नायर क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। मैच में होप क्रिकेट अकादमी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए होप क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 145 रन बनाए। टीम की ओर से आराध्या ने 34 रन और अथर्व ने 33 रनों की उपयोगी पारी खेली। नायर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में दर्श, आभास और अक्षत ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नायर क्रिकेट अकादमी की टीम होप के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18 ओवर में मात्र 51 रन पर ऑल आउट हो गई। होप क्रिकेट अकादमी के लिए अर्पित ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि प्रगयांश और हर्षल ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। अर्पित की शानदार गेंदबाजी के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

