NST News, भोपाल: राजधानी में खेली जा रही 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर, जूनियर पुरुष एवं महिला ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में मेजबान मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने तीसरे दिन भी बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। गुरुवार को मप्र टीम ने दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही मप्र आठ स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल दस पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। कर्नाटक और हरियाणा की टीमों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। राजधानी के छोटे तालाब पर ड्रैगन बोट रेस का रोमांच चरम पर है। देश के 23 राज्यों से आए एक हजार से अधिक खिलाड़ी कड़ाके की ठंड में अपने-अपने प्रदेश का परचम लहराने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। सुबह से शाम तक बोट क्लब परिसर में खिलाड़ी पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
गुरुवार को 500 मीटर रेस के कुल नौ मुकाबलों के फाइनल आयोजित किए गए। डी-10 पुरुष वर्ग की 500 मीटर रेस में मध्यप्रदेश ने रजत पदक जीता, जबकि कर्नाटक ने स्वर्ण और महाराष्ट्र ने कांस्य पदक हासिल किया। डी-20 पुरुष वर्ग की 500 मीटर रेस में भी मप्र को रजत पदक मिला, इस स्पर्धा में हरियाणा ने स्वर्ण और कर्नाटक ने कांस्य पदक जीता। डी-10 जूनियर पुरुष वर्ग की 500 मीटर रेस में मध्यप्रदेश ने स्वर्ण पदक जीता, हरियाणा को रजत और पंजाब को कांस्य पदक मिला। वहीं डी-20 पुरुष वर्ग की 500 मीटर रेस में मप्र ने स्वर्ण, कर्नाटक ने रजत और हरियाणा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
अतिथियों ने किया पुरस्कार वितरण
गुरुवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्डी बलबीर सिंह कुशवाहा, ड्रैगन बोट चेयरपर्सन दिलीप सिंह चौहान, राजस्थान कयाकिंग कैनोइंग ट्रैकिंग संघ के अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, एडीजी जयदीप प्रसाद, पार्षद जीत सिंह राजपूत सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
इसके अलावा भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष पीएस बुंदेला, सचिव मयंक ठाकुर, उपाध्यक्ष आरके दीक्षित, विश्वामित्र अवार्डी विनोद मिश्रा, डॉ. प्रमोद चतुर्वेदी, महेश पिंपलकर, दत्ता पाटील, प्रशिक्षक सोहेल खान, रिंकू सिंह, अनिल राठी, डॉ. राजू खनाडे, पीके बारोई, हर्ष लिटोरिया, विपिन कुर्मी और डॉ. प्रदीप मखारिया भी समारोह में उपस्थित रहे।
आज होगा समापन
मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के सचिव मयंक ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को शाम 4 बजे होगा। समापन समारोह में राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ओवरऑल चैंपियन और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करेंगी। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में सीनियर और जूनियर वर्ग के तहत कुल 27 इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 23 राज्यों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। समापन अवसर पर भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, मप्र संघ अध्यक्ष पीएस बुंदेला, सचिव मयंक ठाकुर और उपाध्यक्ष आरके दीक्षित विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

