नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने खिताब का बचाव करने के उद्देश्य से लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 का विजेता बनने के बाद टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। हाल ही में भारत ने टी20 एशिया कप भी अपने नाम किया, जिससे टीम की फॉर्म और संयोजन दोनों को मजबूती मिली है। अब अगले टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत को कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं, जो तीन बड़ी टीमों—ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड—के खिलाफ होंगे। सबसे पहले भारत ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा, इसके बाद साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी क्रमशः 5-5 मैचों की टी20 सीरीज तय है। ये मुकाबले टीम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और टी20 फॉर्मेट में अपनी बादशाहत कायम रखे हुए है। मौजूदा आईसीसी रैंकिंग में भारत दुनिया की नंबर 1 टी20 टीम है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नंबर 1 टी20 बल्लेबाज का स्थान हासिल किया है, वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती दुनिया के नंबर 1 टी20 गेंदबाज बने हुए हैं। ऐसे में फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं कि टीम इंडिया 2026 में न सिर्फ अपने टाइटल को डिफेंड करे, बल्कि तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम करे। इससे पहले आइए नजर डालते हैं टीम इंडिया के आगामी शेड्यूल पर, जो उन्हें इस बड़े टूर्नामेंट से पहले खेलने हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- पहला वनडे- 19 अक्टूबर, पर्थ (ऑप्टस स्टेडियम)
- दूसरा वनडे- 23 अक्टूबर, एडिलेड (एडिलेड ओवल)
- तीसरा वनडे- 25 अक्टूबर, सिडनी (सिडनी क्रिकेट ग्राउंड)
- पहला टी20- 29 अक्टूबर, कैनबेरा (मनुका ओवल)
- दूसरा टी20- 31 अक्टूबर, मेलबर्न (एमसीजी)
- तीसरा टी20- 2 नवंबर, होबार्ट (निंजा स्टेडियम)
- चौथा टी20- 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट (हेरिटेज बैंक स्टेडियम)
- पांचवां टी20- 8 नवंबर, ब्रिसबेन (गाबा)
भारत बनाम साउथ अफ्रीका
- पहला टेस्ट-14-18 नवंबर, कोलकाता (ईडन गार्डन)
- दूसरा टेस्ट- 22-26 नवंबर, गुवाहाटी (बरसापारा स्टेडियम)
- पहला वनडे- 30 नवंबर, रांची (जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम)
- दूसरा वनडे- 3 दिसंबर, न्यू रायपुर (शहीद विजय नारायण सिंह स्टेडियम)
- तीसरा वनडे- 6 दिसंबर, विशाखापट्टनम (ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम)
- पहला टी20- 9 दिसंबर, कटक (बाराबाती स्टेडियम)
- दूसरा टी20- 11 दिसंबर, न्यू चंडीगढ़ (मोहाली पीसीए स्टेडियम)
- तीसरा टी20- 14 दिसंबर, धर्मशाला (HPCA स्टेडियम)
- चौथा टी20- 17 दिसंबर, लखनऊ (इकाना क्रिकेट स्टेडियम)
- पांचवां टी20- 19 दिसंबर, अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
भारत बनाम न्यूजीलैंड
- पहला वनडे- 11 जनवरी, वडोदरा (बीसीए स्टेडियम)
- दूसरा वनडे- 14 जनवरी, राजकोट (निरंजन शाह स्टेडियम)
- तीसरा वनडे- 18 जनवरी, इंदौर (होल्कर क्रिकेट स्टेडियम)
- पहला टी20- 21 जनवरी, नागपुर (विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम)
- दूसरा टी20- 23 जनवरी, न्यू रायपुर (शहीद विजय नारायण सिंह स्टेडियम)
- तीसरा टी20- 25 जनवरी, गुवाहाटी (बरसापारा स्टेडियम)
- चौथा टी20- 28 जनवरी, विशाखापत्तनम (एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम)
- पांचवां टी20- 31 जनवरी, तिरुवनंतपुरम (ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम)
टी20 वर्ल्ड कप 2026
- फरवरी-मार्च 2026 (तारीख और शेड्यूल आना बाकी)
इस तरह भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कुल 15 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने हैं, जो खिताब बचाने की तैयारी में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही टीम इंडिया वनडे फॉर्मेट में भी लगातार सक्रिय रहेगी। वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए भारत को इस अवधि में 9 वनडे मैच खेलने हैं, जो टीम संयोजन और खिलाड़ियों के फॉर्म को परखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे। खासकर रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों के लिए ये मुकाबले निर्णायक साबित हो सकते हैं। टेस्ट फॉर्मेट की बात करें तो इस फेज़ में भारत सिर्फ साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तुरंत बाद आईपीएल 2026 की शुरुआत होगी, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फॉर्म को बनाए रखने का एक और बड़ा मंच होगा। हालांकि, वर्ल्ड कप के बाद का आधिकारिक शेड्यूल अभी घोषित नहीं किया गया है।


