दुबई. महिला क्रिकेट को और आगे बढ़ाने के लिए ICC ने बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में समाप्त हुए महिला वनडे विश्व कप की सफलता के बाद बोर्ड ने 2029 के संस्करण को 10 टीमों तक बढ़ाने पर सहमति दी है। इससे टूर्नामेंट में अब कुल 48 मैच खेले जाएंगे, जबकि 2025 विश्व कप में यह संख्या 31 थी। 2000 से अब तक मुख्य टूर्नामेंट में सिर्फ आठ टीमें ही खेलती थीं। ICC इसे लंबे समय से विस्तार देने की योजना बना रहा था। नई संरचना के साथ अधिक देशों को बड़े मंच पर मौका मिलेगा।
महिला T20 विश्व कप में भी बदलाव किया गया है। अब टूर्नामेंट में 10 के बजाय 12 टीमें हिस्सा लेंगी। पिछला T20 विश्व कप UAE में हुआ था जिसमें 10 टीमों ने भाग लिया था।I CC ने बताया कि 2025 विश्व कप ने दर्शकों के मामले में नए रिकॉर्ड बनाए। करीब 3 लाख दर्शक स्टेडियम में पहुंचे और ऑनलाइन दर्शकों में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। भारत में लगभग 50 करोड़ दर्शकों ने मैच देखे, जो महिला क्रिकेट के लिए अभूतपूर्व आंकड़ा है। ICC बोर्ड ने महिला क्रिकेट समिति के नए सदस्यों की नियुक्ति पर भी मुहर लगा दी है। इसमें ऐश्ली डी सिल्वा, मिताली राज, अमोल मजूमदार, चार्लोट एड्वर्ड्स और सला स्टेला सियाले-वेया शामिल हैं।

