नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को बड़ा झटका लगा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार, 15 अक्टूबर को पुरुष क्रिकेट की ताज़ा रैंकिंग जारी की, जिसमें वनडे बल्लेबाजों की सूची में दोनों भारतीय दिग्गज एक-एक स्थान नीचे खिसक गए। यह गिरावट ऐसे समय आई है जब भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम वनडे सीरीज खेलनी है, जिससे टीम इंडिया की तैयारियों को झटका लग सकता है।
अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जदरान को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने का फायदा मिला। वह रैंकिंग में 8 स्थान ऊपर दूसरे नंबर पर पहुंच गए। इससे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को भी एक पायदान का नुकसान हुआ है। बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में भारत के नवनियुक्त कप्तान शुभमन गिल शीर्ष पर बने हुए हैं।
राशिद खान बने वनडे क्रिकेट के नए नंबर-1 गेंदबाज
गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग में राशिद खान ने पांच स्थान की छलांग लगाई और केशव महाराज की बादशाहत खत्म कर दी। राशिद अब वनडे क्रिकेट में नंबर-1 गेंदबाज हैं। टॉप-5 में अन्य गेंदबाजों में श्रीलंका के महेश तीक्ष्णा, इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर और भारत के कुलदीप यादव है। ऑलराउंडर्स की वनडे रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमुल्लाह उमरजई एक पायदान ऊपर शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने सिंकदर रजा को पछाड़ा।
अभिषेक शर्मा की बादशाहत बरकरार
आईसीसी की ताजा रैंकिंग में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में मोहम्मद नबी तीसरे और राशिद खान चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। राशिद को इस सूची में दो पायदान का फायदा हुआ है, जबकि बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज एक स्थान नीचे खिसक गए हैं। टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा की बादशाहत कायम है और वह शीर्ष पर बने हुए हैं। गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती भी अपनी नंबर-1 पोजीशन पर बरकरार हैं। ऑलराउंडर रैंकिंग में सैम अयूब पहले और हार्दिक पंड्या दूसरे स्थान पर हैं। टेस्ट रैंकिंग की बात करें तो जो रूट शीर्ष बल्लेबाज बने हुए हैं, जबकि भारत के यशस्वी जायसवाल पांचवें नंबर पर काबिज हैं। गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह टॉप पर हैं और ऑलराउंडर की सूची में रविंद्र जडेजा पहले स्थान पर हैं।

