नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस समय सुपर-8 चरण के मुकाबले जारी हैं और इसी बीच आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें कई बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं। सुपर-8 में दमदार प्रदर्शन करने वाले कई गेंदबाजों ने लंबी छलांग लगाई है, जबकि भारतीय स्पिनर ने शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है। ताजा रैंकिंग अपडेट ने क्रिकेट जगत में हलचल बढ़ा दी है और खिलाड़ियों की फॉर्म का असर सीधे तौर पर सूची में नजर आ रहा है।
ICC T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अब भी शीर्ष पर काबिज हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ महंगे साबित होने के बावजूद उनकी नंबर-1 कुर्सी बची रही। वरुण के 790 रेटिंग पॉइंट हैं। हालांकि, सबसे लंबी छलांग साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने लगाई है। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के खिलाफ तीन विकेट झटके और फिर सुपर-8 मैच में भारत के खिलाफ महज 12 रन देकर 2 शिकार किए। इसके चलते उन्होंने 21 पायदान की उछाल मारते हुए सीधे तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। इससे वरुण चक्रवर्ती और दूसरे स्थान पर काबिज राशिद खान की कुर्सी पर खतरा पैदा हो गया है।
इंग्लैंड के आदिल रशीद चौथे स्थान पर कायम हैं। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को 2 स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह 5वें स्थान पर लुढ़क गए हैं। एडम जम्पा 2 स्थान की छलांग लगाते हुए छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज मैथ्यू फोर्ड ने भी कमाल किया है। उन्होंने 23 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है और सीधा 7वें पायदान पर कब्जा कर लिया है। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी टॉप-10 में दमदार एंट्री की। बुमराह सात पायदान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे-जैसे नॉकआउट स्टेज की तरफ बढ़ रहा है, उसका सीधा असर ICC रैंकिंग पर पड़ रहा है। सुपर-8 के बाकी मुकाबलों के साथ यह उतार-चढ़ाव और तेज हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मैचों के बाद किस खिलाड़ी की किस्मत चमकती है और कौन टॉप पर अपनी पकड़ मजबूत रखता है।

