नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है और इसके लिए सभी टीमों के स्क्वॉड का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी। अब आईसीसी ने इस टूर्नामेंट को लेकर ऐतिहासिक कदम उठाया है। पहली बार आईसीसी ने घोषणा की है कि पूरे महिला विश्व कप 2025 में सिर्फ महिला अधिकारियों को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
अंपायरिंग पैनल में जगह बनाने वालीं वृंदा राठी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पहली महिला मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी 4 सदस्यीय मैच रेफरी पैनल का हिस्सा होंगी। आईसीसी ने बताया कि क्लेयर पोलोसेक, जैकलीन विलियम्स और सू रेडफर्न की तिकड़ी अपने तीसरे महिला विश्व कप में अंपायरिंग करेगी। वहीं, लॉरेन एजेनबैग और किम कॉटन दूसरी बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगी। अंपायरिंग पैनल में पूर्व भारतीय खिलाड़ी वृंदा राठी, एन जननी और गायत्री वेणुगोपालन को भी जगह दी गई है।
जय शाह का महिला विश्व कप पर अहम बयान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि महिला विश्व कप 2025 के लिए मैच अधिकारियों के पैनल में केवल महिला अधिकारियों का शामिल होना न सिर्फ एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, बल्कि यह क्रिकेट में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए आईसीसी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह कदम अवसर देने और सार्थक रोल मॉडल तैयार करने की दिशा में है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
मैच रेफरी: ट्रूडी एंडरसन, शैंड्रे फ्रिट्ज, जीएस लक्ष्मी, मिशेल परेरा।
अंपायर: लॉरेन एजेनबैग, कैंडेस ला बोर्डे, किम कॉटन, सारा दंबनेवाना, शथिरा जाकिर जेसी, केरिन क्लास्टे, जननी एन, निमाली परेरा, क्लेयर पोलोसाक, वृंदा राठी, सू रेडफर्न, एलोइस शेरिडन, गायत्री वेणुगोपालन, जैकलीन विलियम्स।
भारतीय महिला टीम की कप्तान होंगी हरमनप्रीत कौर
महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि उपकप्तानी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना निभाएंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 30 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी और उसकी निगाहें जीत के साथ टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करने पर होंगी। अब तक भारत एक भी बार महिला वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाया है, लेकिन इस बार घरेलू धरती पर टीम इंडिया यह खिताबी सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेगी।

