नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बांग्लादेश की भागीदारी पर बना सस्पेंस अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक और दिन की मोहलत दी है ताकि वह यह स्पष्ट कर सके कि उसकी टीम भारत आकर टूर्नामेंट खेलेगी या नहीं। यदि बांग्लादेश सुरक्षा कारणों का हवाला देकर अपने फैसले पर अडिग रहता है, तो ICC उसकी जगह रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करेगी।
यह निर्णय बुधवार को हुई ICC बोर्ड मीटिंग में लिया गया। बैठक में मौजूद 15 डायरेक्टरों में से केवल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश का समर्थन किया, जबकि बाकी सदस्यों ने ICC के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इससे पहले PCB ने ICC और अन्य बोर्डों को पत्र लिखकर बांग्लादेश के श्रीलंका में मैच कराने के प्रस्ताव का समर्थन किया था।
ICC ने अपने बयान में कहा कि सभी सुरक्षा आकलनों के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि भारत में बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया और प्रशंसकों को कोई विशेष खतरा नहीं है। बोर्ड ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट के इतने करीब किसी बड़े बदलाव से भविष्य के ICC आयोजनों पर असर पड़ सकता है और परिषद की निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे।
गौरतलब है कि 4 जनवरी को BCB ने ICC को पत्र लिखकर सुरक्षा कारणों से भारत यात्रा से इनकार किया था। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश सरकार और बोर्ड ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया।
ICC ने साफ किया कि उसने लगातार BCB के साथ बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी साझा की है, लेकिन इसके बावजूद बोर्ड अपने फैसले पर कायम है। परिषद ने कहा कि किसी एक टीम के लिए वेन्यू बदलना अन्य टीमों और प्रशंसकों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है। टी20 विश्व कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम के पहले तीन मैच 7, 9 और 14 फरवरी को कोलकाता में होने हैं, जबकि आखिरी ग्रुप मैच 17 फरवरी को मुंबई में प्रस्तावित है।

