नई दिल्ली: भारतीय गोल्फ यूनियन (आईजीयू) ने एशिया-प्रशांत गोल्फ परिसंघ (एपीजीसी) और इंडोनेशिया गोल्फ संघ द्वारा आयोजित पहली मिड-अमेच्योर चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए चार सदस्यीय टीम भेजी है। मिड-अमेच्योर टूर्नामेंट में वे खिलाड़ी शामिल होते हैं जो 25 साल की आयु सीमा पार कर चुके हैं लेकिन अभी भी अमेच्योर स्तर पर गोल्फ खेलते हैं। आईजीयू के मौजूदा अखिल भारतीय मिड-अमेच्योर चैंपियन रणजीत सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय टीम में अर्जुन सिंह, सिमरजीत सिंह और कर्नल वरुण परमार शामिल हैं। यह टीम 12 से 14 अगस्त तक गाडिंग राया गोल्फ क्लब में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस ट्रॉफी के लिए 20 देशों के कुल 80 गोल्फर मुकाबला करेंगे। चैंपियनशिप का आयोजन चार आयु वर्गों में किया जाएगा। इसमें ग्रुप ए (25 से 29 वर्ष की आयु), ग्रुप बी (30 से 37 वर्ष), ग्रुप सी (38 से 46 वर्ष) और ग्रुप डी (47 वर्ष और उससे अधिक आयु) शामिल है। टूर्नामेंट 54-होल के व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले प्रारूप में खेला जाएगा।

