नई दिल्ली: भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। इस विशाल स्कोर को देखकर एक समय ऐसा लगा कि मुकाबला भारत के हाथ से निकल सकता है, लेकिन भारतीय टीम के बल्लेबाज़ों ने बेहतरीन संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने दबाव को बखूबी संभाला और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत को यादगार जीत दिलाई।
रिकॉर्डतोड़ पारी के बाद एरोन बने प्लेयर ऑफ द मैच
भारत ने जीत के लिए मिले 311 रन के टारगेट को 41.1 ओवर में 3 विकेट पर पूरा कर लिया और 7 विकेट से मैच जीत लिया। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी बेहद शानदार रही, लेकिन टीम के ओपनर एरोन जॉर्ज की पारी तो सबसे यादगार बन गई। एरोन ने इस मैच में 104 गेंदों पर 2 छक्के और 15 चौकों की मदद से 115 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। एरोन भारत की तरफ से अंडर 19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में भारत की तरफ से शतक लगाने वाले 9वें बैटर बने, लेकिन वो नॉकआउट मुकाबलों में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए और उन्मुक्त चंद और ऋषभ पंत को एक साथ पीछे छोड़ दिया।
पंत-चंद को पछाड़कर एरोन ने रचा इतिहास
भारत की तरफ से अंडर 19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर्स की लिस्ट में पंत और चंद पहले संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब दोनों तीसरे नंबर पर आ गए। एरोन जॉर्ज 115 रन की पारी खेलने के बाद दोनों से आगे निकल गए। इससे पहले चंद और पंत ने नॉकआउट मैचों में 111-111 रन की पारी खेली थी। इस लिस्ट में पहले नंबर पर नाबाद 129 रन की पारी खेलकर चेतेश्वर पुजारा पहले स्थान पर हैं।
U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर
129* रन – चेतेश्वर पुजारा बनाम इंग्लैंड, कोलंबो, 2006 सेमीफाइनल
115 रन – एरोन जॉर्ज बनाम अफगानिस्तान, हरारे, 2026 सेमीफाइनल
111रन – उन्मुक्त चंद बनाम ऑस्ट्रेलिया, टाउन्सविले, 2012 फाइनल
111 रन – ऋषभ पंत बनाम नामिबिया, फतुल्लाह, 2016 क्वार्टर फाइनल
110 रन – यश ढुल बनाम ऑस्ट्रेलिया, कूलिज 2022 सेमीफाइनल
108 रन – रवनीत रिकी बनाम ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो PSS, 2000 सेमीफाइनल
105 रन – यशस्वी जायसवाल बनाम पाकिस्तान, पोटचेफस्ट्रूम, 2020 सेमीफाइनल
102* रन – शुभमन गिल बनाम पाकिस्तान, क्राइस्टचर्च, 2018 सेमीफाइनल
101* रन- मनजोत कालरा बनाम ऑस्ट्रेलिया, माउंट माउंगानुई, 2018 फाइनल

