नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय ओपनर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की नजरें एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड पर रहेंगी। एडिलेड में 73 रन की शानदार पारी खेलते हुए हिटमैन ने केवल एक नहीं बल्कि तीन दिग्गजों के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। अब रोहित अगर सिडनी में 5-6 छक्के और लगाते हैं, तो वह अपने नाम एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कर लेंगे।
दरअसल अगर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात करें तो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफ्रीदी के नाम यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उनके नाम एकदिवसीय क्रिकेट में कुल 351 छक्के दर्ज हैं। वहीं हिटमैन अब उनके बेहद नजदीक पहुंच चुके हैं। एडिलेड वनडे में उनके बल्ले से दो छक्के निकले थे। यानी अब वह 346 तक पहुंच चुके हैं और अगर सिडनी में 5 छक्के भी उन्होंने लगा दिए तो संयुक्त रूप से वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। वरना यह इंतजार साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर होने वाली अगली वनडे सीरीज में खत्म हो सकता है।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- शाहिद अफ्रीदी- 351 (पारी 369)
- रोहित शर्मा- 346* (पारी 267*)
- क्रिस गेल- 331 (पारी 294)
- सनथ जयसूर्या- 270 (पारी 433)
- एमएस धोनी- 229 (पारी 297)
- इयोन मॉर्गन- 220 (पारी 230)
- एबी डिविलियर्ड- 204 (पारी 218)
- ब्रेंडन मैकुल्लम- 200 (पारी 228)
- सचिन तेंदुलकर- 195 (पारी 452)
- सौरव गांगुली- 190 (पारी 300)
एडिलेड वनडे में रोहित शर्मा ने तोड़े तीन दिग्गजों के रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने सीरीज के दूसरे वनडे में 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली, वह भी काफी प्रेशर के हालातों में। इस पारी के साथ ही वह भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए, सौरव गांगुली को पीछे छोड़ते हुए। अब उनके नाम 267 वनडे पारियों में 11,248 रन दर्ज हैं, जबकि गांगुली ने अपने करियर में 11,128 रन बनाए थे। इसके अलावा, बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी रोहित ने सौरव गांगुली और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया। उनके नाम बतौर ओपनर 9,219 वनडे रन दर्ज हैं, जबकि गांगुली ने 9,146 और गिलक्रिस्ट ने 9,200 रन बनाए थे।
साथ ही रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी में दो दिग्गजों के अलावा एक तीसरे दिग्गज को भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने वनडे में ऑस्ट्रेलिया में, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल किया। इस मामले में उन्होंने श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक कुल 1,071 रन बना लिए हैं, जबकि संगकारा के नाम 1,033 रन दर्ज थे।

