नई दिल्ली: भारतीय टीम 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार है। इस सीरीज के लिए शनिवार को भारतीय वनडे स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है। सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं, श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को बतौर खिलाड़ी टीम में जगह मिली है। खास बात यह है कि ध्रुव जुरेल को पहली बार बैकअप विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है, जो एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है। वहीं, अपने पिछले वनडे मैच में शतक लगाने वाले संजू सैमसन को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।
ध्रुव जुरेल की टीम में वापसी, संजू सैमसन से छिन गई जगह
भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और टीम का ऐलान किया है। उन्होंने इस दौरान मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। उन्होंने इस बात का भी जवाब दिया है कि संजू सैमसन की जगह ध्रुव जुरेल को क्यों वरीयता मिली है। अगरकर ने बताया,’संजू सैमसन टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं। ज्यादातर वह टॉप ऑर्डर में ही खेले हैं और वो पोजीशन खाली नहीं है। जबकि बैकअप विकेटकीपर मिडिल ऑर्डर या लोअर मिडिल ऑर्डर ही खेलेंगे। ध्रुव जुरेल नीचे खेलते आए हैं और केएल राहुल भी उसी पोजीशन पर खेलते हैं। इसलिए ध्रुव को मौका मिला है।’
रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह भी बाहर
भारत के वनडे स्क्वाड से जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बाहर रखा गया है। वहीं, रविंद्र जडेजा को टीम से बाहर करने के फैसले पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय लंबी अवधि को ध्यान में रखकर लिया गया है, खासकर 2027 के वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए। उन्होंने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों को देखते हुए टीम में ज्यादा स्पिनर शामिल नहीं किए जा सकते, इसलिए अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और विक्रम सुंदर के साथ टीम का चयन किया गया है।
भारत का वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
भारत का टी20 स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती , जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर।


