नई दिल्ली: भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने के सात महीने बाद 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से पहले शुभमन गिल को भारत की वनडे टीम का नया कप्तान बनाया गया है। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने इस भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। फिंच ने कहा कि मुकाबला बेहद कड़ा होगा और सीरीज शानदार तरीके से खेली जाएगी, लेकिन अंत में ऑस्ट्रेलिया ही चैंपियन बनेगी।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को चुना गया है।
टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास ले चुके दोनों दिग्गज खिलाड़ी भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार खेलते दिखेंगे। तब भारतीय टीम वह खिताब जीती थी और रोहित शर्मा कप्तान थे। भविष्य को ध्यान रखते हुए गिल को कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम के ऐलान के बाद ऑस्ट्रेलिया की 2015 वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के हिस्सा और 2021 में टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के कप्तान रहे फिंच ने 3 मैचों की सीरीज को लेकर बड़ा दावा किया है।
भविष्यवाणी: ऑस्ट्रेलिया जीतेगा 2-1 से वनडे सीरीज
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की वेबसाइट के अनुसार, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोन फिंच ने कहा, “यह एक शानदार सीरीज होगी। भारत के खिलाफ मुकाबला हमेशा ही रोमांचक रहता है, और मुझे लगता है कि वापसी करते हुए विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन होगा। कागजों पर देखें तो यह एक कड़ा मुकाबला होगा क्योंकि दोनों टीमों की टक्कर बराबरी की है, लेकिन मैं फिर भी मानता हूं कि ऑस्ट्रेलिया 2-1 से सीरीज जीतेगा। हालांकि, मैं पूरी निश्चितता के साथ ऐसा नहीं कह सकता क्योंकि भारत एक बेहतरीन टीम है और यह सीरीज देखने लायक होगी।”
फिंच की नजरें गिल पर: परिंदों की अनोखी दोस्ती
फिंच यह भी देखना चाहते हैं कि शुभमन गिल कप्तान के रूप में अपनी पहली वनडे सीरीज़ में कैसा प्रदर्शन करते हैं। उनका मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का मैदान पर गिल के साथ होना, इस 26 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फिंच ने कहा, “शुभमन पहले ही दिखा चुके हैं कि वह टी20 और टेस्ट क्रिकेट में कितने अच्छे कप्तान हैं, इसलिए मुझे यकीन है कि यह भी कुछ अलग नहीं होगा। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं, खासकर सफेद गेंद के प्रारूप में। जिस तरह से उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में कप्तानी की, वह उनके लिए अगला कदम उठाने और तीनों प्रारूपों में भारतीय नेतृत्व संभालने का एक बड़ा मौका है।”

