नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज गंवाने के बाद अब भारतीय टीम टी20 सीरीज में जीत के इरादे से मैदान पर उतरने की तैयारी में है। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को एक झटका लगा है। खबरों के मुताबिक, टीम के दमदार ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, जो तीसरे वनडे मैच से बाहर थे, अब पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में भी नहीं खेल पाएंगे। यह टीम के संतुलन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि नितीश हाल के समय में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि,”नितीश कुमार रेड्डी पहले क्वाड्रिसेप्स इंजरी के कारण दूसरे वनडे में मौजूद नहीं थे। वहीं अब टी20 सीरीज से पहले उनकी गर्दन में समस्या सामने आ गई। इस कारण वह पूरी तरह रिकवरी नहीं कर पाए हैं। यही कारण है कि वह सीरीज के पहले तीन टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं।”
गौर करने वाली बात यह है कि नितीश कुमार रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में अपना डेब्यू किया था। उस मुकाबले में उन्होंने पारी के अंत में टीम के लिए कुछ उपयोगी रन जोड़े थे। हालांकि, दूसरे वनडे में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा। इसके बाद तीसरे मुकाबले में वे चयन के लिए उपलब्ध ही नहीं थे, और उनकी जगह टीम में कुलदीप यादव को शामिल किया गया था।
फिट होकर भी टीम इंडिया में वापसी की राह कठिन
अब नितीश कुमार रेड्डी टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। अगर वे अंतिम दो मैचों के लिए फिट होकर उपलब्ध भी हो जाते हैं, तो उनके लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं रहेगा। टीम इंडिया के पास पहले से ही शिवम दुबे जैसे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर मौजूद हैं, जिन्होंने एशिया कप के दौरान हार्दिक पंड्या के चोटिल होने पर उनकी भूमिका बखूबी निभाई थी। ऐसे में अगर शिवम अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो नितीश की अनुपस्थिति टीम के संतुलन पर बहुत बड़ा असर नहीं डालेगी।
पहले टी20 के लिए भारत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

