नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज रविवार, 19 अक्टूबर से होगा। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का 15 सदस्यीय स्क्वाड नामित किया गया है। इस सूची में दो ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिनके पूरे सीरीज खेल पाना मुश्किल हो सकता है। इनके लिए प्लेइंग 11 में जगह पाना एक बड़ी चुनौती साबित होगी। केवल तब ही उन्हें मौका मिल सकता है जब किसी खिलाड़ी को चोट के कारण रिप्लेसमेंट की आवश्यकता पड़े। इसके अलावा फिलहाल उनके खेलने की संभावना बहुत कम नजर आ रही है।
ये दो भारतीय खिलाड़ी हैं यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल। आपको बता दें कि यशस्वी को भारत के वनडे स्क्वाड में बतौर बैकअप ओपनर और एक एक्स्ट्रा बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है। वहीं ध्रुव जुरेल को ऋषभ पंत की इंजरी के कारण बैकअप विकेटकीपर के तौर पर स्क्वाड का हिस्सा हैं। फिलहाल भारतीय टीम के लिए ओपनिंग कप्तान शुभमन गिल और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ही करेंगे। और विकेटकीपिंग वनडे वर्ल्ड कप 2023 से केएल राहुल ही इस फॉर्मेट में संभाल रहे हैं। ऐसे में दोनों के लिए जगह बनाना बहुत मुश्किल है।
भारत की मजबूत और अनुभवी मध्यक्रम पारी
भारत की ओपनिंग जोड़ी गिल और रोहित के बाद मध्यक्रम में विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं, जिससे यह क्रम काफी मजबूत दिखाई देता है। वहीं, नितीश कुमार रेड्डी हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा, अक्षर पटेल को वनडे टीम में रविंद्र जडेजा के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। स्पिन फ्रेंडली पिच पर वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के बीच चयन रह सकता है, लेकिन ऐसे मैदान पर कुलदीप यादव को मौका मिलने की संभावना ज्यादा है।
सिराज की अगुवाई वाली पेस आक्रमण में हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा में से केवल दो ही मैदान पर उतर पाएंगे। बल्लेबाजी में अपनी उपयोगिता के कारण हर्षित को टीम में जगह मिलने की संभावना ज्यादा है। वहीं, अर्शदीप के लिए यह मौका अपने आप को वनडे क्रिकेट में साबित करने का बेहतरीन अवसर है, खासकर जब शमी और बुमराह टीम से बाहर हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के पास भी वनडे क्रिकेट का अनुभव है और उन्हें टीम में नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। ऐसे में कप्तान गिल और कोच गौतम गंभीर के लिए चार में से तीन पेसर चुनना चुनौतीपूर्ण होगा। इसके अलावा, नितीश कुमार रेड्डी चौथे पेसर की भूमिका भी निभा सकते हैं।
वनडे सीरीज के लिए चुना गया भारतीय स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जयसवाल।
पहले वनडे की संभावित प्लेइंग 11
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव/वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह/प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।

