नई दिल्ली: भारतीय टीम इस वक्त इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में व्यस्त है, जहां युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का मौका मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दूसरे सीजन में हिस्सा लेने के लिए इंडिया चैंपियंस टीम भी इंग्लैंड पहुंच चुकी है। इस टूर्नामेंट में भारत के कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटर एक बार फिर मैदान पर जलवा बिखेरते नजर आएंगे, जिससे फैंस को दोहरी रोमांचक क्रिकेटीय टक्कर देखने को मिल रही है। सुरेश रैना भी इंडिया चैंपियंस टीम का हिस्सा हैं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने चौथे टेस्ट मैच के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन के बारे में बातचीत की।
रैना ने ऋषभ पंत को टीम इंडिया का मैच विनर बताते हुए उनकी वापसी को जरूरी बताया। साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह को भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ की हड्डी करार दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रैना ने बात करते हुए कहा कि बुमराह की उपलब्धता टीम इंडिया के लिए अहम है, लेकिन उनका खेलना कुछ फैक्टर पर डिपेंड करता है जिसमें सबसे मुख्य है डॉक्टर का फैसला। रैना ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो उनका खेलना डॉक्टर के फैसले पर निर्भर करेगा। उन्हें जिस तरह का निर्देश मिलेगा वो वैसा ही करेंगे। बुमराह अपने कार्यभार को जानते हैं और खुद को कैसे संभालना है ये भी उन्हें पता है। लॉर्ड्स में उनके प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड में अपनी जगह बनाई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 38 वर्षीय पूर्व भारतीय स्टार ने कहा कि अगर भारत को सीरीज में मजबूत वापसी करनी है, तो हर खिलाड़ी को जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने यह भी जोर दिया कि टीम को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाना होगा, तो उन्हें ऋषभ पंत की भी जरूरत होगी। अगर पंत की चोट इतनी गंभीर नहीं है कि उन्हें बाहर रखा जा सके, तो उन्हें विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरना चाहिए क्योंकि सीरीज के इस मोड़ पर ऋषभ पंत के बिना भारत का मैदान पर उतरना खतरनाक साबित हो सकता है। रैना ने भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप में ऋषभ पंत की अहमियत के बारे में बताते हुए कहा कि ऋषभ पंत की अंगुली में भी चोट लगी थी, लेकिन भारत को सीरीज ड्रॉ करानी या फिर मैच जीतना है तो मुझे लगता है कि दोनों खिलाड़ियों (बुमराह और पंत) का चौथे टेस्ट मैच में खेलना बेहद जरूरी है।

