नई दिल्ली: स्मृति मंधाना की अगुआई वाली भारतीय टीम ने राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में बुधवार 15 जनवरी 2025 को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम महिला वनडे में 400 से अधिक का स्कोर बनाने वाली पहली एशियाई टीम बन गई। यह किसी भारतीय महिला की ओर से बनाया गया सबसे तेज शतक है। उसके बाद उनकी सलामी जोड़ीदार प्रतीका रावल ने 100 गेंद में अपना पहला वनडे शतक जड़ा। वह यहीं नहीं रुकीं। प्रतीका रावल ने अपने पहले शतक को 129 गेंदों में 20 चौकों और 1 छक्के की मदद से 154 रन की पारी में बदल दिया। वह दीप्ति शर्मा के बाद वनडे में 150 से अधिक का स्कोर बनाने वाली दूसरी भारतीय महिला ओपनर बन गईं।
प्रतीका रावल ने अब तक 6 एकदिवसीय पारियों में 74 के औसत से 444 रन बनाए हैं। यह पहले 6 महिला वनडे मैच के बाद किसी भी खिलाड़ी की ओर से बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। प्रतीका से पहले यह रिकॉर्ड थाइलैंड की नत्थाकन चंथम के नाम था। नत्थाकन चंथम ने अपनी शुरुआती 6 वनडे पारियों में 322 रन बनाये थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी ऋचा घोष ने भी प्रतीका रावल का बखूबी साथ दिया। भारतीय विकेटकीपर ने 42 गेंद में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली। ऋचा घोष ने 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इससे भारत 400 रन के पार पहुंच गया। इसके साथ ही भारत मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ महिला वनडे में 400 का आंकड़ा पार करने वाली दो टीमों में शामिल हो गया।
भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 435 रन बनाये। यह महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में चौथा सर्वोच्च स्कोर है। भारत ने 3 दिन पहले ही आयरलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर 5 विकेट पर 370 रन का स्कोर किया था, जो अब उसका दूसरा सर्वोच्च वनडे स्कोर है। ओवरऑल बात करें तो 2018 में डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड का 491/4 का स्कोर महिला वनडे में बेंचमार्क बना हुआ है। न्यूजीलैंड ने 4 अलग-अलग मौकों पर 400 रन का आंकड़ा पार किया है, जबकि आयरिश महिलाओं ने 4 अलग-अलग मुकाबलों में विपक्षी टीम को 400 से ज्यादा रन बनाने दिये।
एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 400 या उससे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान पहली बार ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया ने 1997 के वनडे वर्ल्ड कप में मुंबई में डेनमार्क के खिलाफ 412/5 का स्कोर बनाया था। यह उसका सर्वोच्च वनडे स्कोर है।