नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 46 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जिसे बल्लेबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 271 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान ईशान किशन ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 103 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 और हार्दिक पांड्या ने 42 रनों का अहम योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 19.4 ओवर्स में 225 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें उनकी तरफ से फिन एलन के बल्ले से 80 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने जहां 5 विकेट हासिल किए तो वहीं अक्षर पटेल तीन विकेट लेने में कामयाब रहे।
यहां पर देखिए 5वें टी20 मैच के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत – अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड – डेवोन कॉन्वे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जैकरी फोक्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी, जेम्स नीशम, माइकल ब्रेसवेल, लॉकी फर्ग्यूसन, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेली जा रही इस सीरीज में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी राहत कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना रहा। शुरुआती तीन मुकाबलों में उनके शानदार प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट की चिंता काफी हद तक दूर कर दी। इसके अलावा लंबे समय बाद टीम इंडिया की स्क्वॉड में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया और वर्ल्ड कप से पहले विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती के साथ-साथ जसप्रीत बुमराह भी अच्छे रंग में नजर आए। हालांकि इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए एकमात्र चिंता संजू सैमसन का फॉर्म रहा, जो आखिरी मुकाबले में भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।

