नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों का सफर टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम इंडिया ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान केवल एक मुकाबला गंवाया, वहीं न्यूजीलैंड की टीम को दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, एक समानता यह रही कि दोनों टीमों को अहमदाबाद में इस टूर्नामेंट में एक-एक हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच संतुलन लगभग बराबरी का नजर आता है। इसी खिताबी मैच से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बड़ा बयान देते हुए भारतीय टीम को खुली चुनौती दी है।
‘दर्शकों का दिल टूटे तो कोई दिक्कत नहीं’, फाइनल से पहले सैंटनर का बयान
भारतीय टीम के खिलाफ फाइनल मुकाबले के एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान ने उसी बयान को दोहराने का प्रयास किया जो साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के खिताबी मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मिचेल सैंटनर ने कहा कि भले ही उनकी टीम इस फाइनल मुकाबले को जीतने की प्रबल दावेदार ना मानी जा रही हो, लेकिन उनकी कोशिश छोटी-छोटी चीजों को ध्यान में रखते हुए अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने पर रहने वाला है। अगर हमारे खिताब जीतने से कुछ फैंस के दिल टूटते हैं तो इससे हमें कोई आपत्ति नहीं क्योंकि हम अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतना चाहते हैं।
फाइनल के लिए पिच बल्लेबाजों के लिए हो सकती है मुफीद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मिचेल सैंटनर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाइनल मुकाबले की पिच को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक विकेट को देखा नहीं है क्योंकि वह कवर से ढका हुआ है। हालांकि, उनका अनुमान है कि पिच सपाट हो सकती है और उस पर काफी रन बनने की संभावना है। बता दें कि भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक न्यूजीलैंड की टीम का तीन बार सामना किया है और तीनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में टीम इंडिया के सामने इस रिकॉर्ड को बदलने की भी बड़ी चुनौती होगी।

