नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में रविचंद्रन अश्विन ने 24 अक्टूबर 2024 को एक कीर्तिमान अपने नाम किया। वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 7वें नंबर पर पहुंच गये। रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन को पीछे छोड़ा। अश्विन के अब टेस्ट क्रिकेट में 531 विकेट हो गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 9 गेंदबाज ही 500 या उससे ज्यादा विकेट ले पाए हैं।
इनमें से 2 भारतीय हैं। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा 3 गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया (शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा और नाथन लियोन) के हैं, जबकि इंग्लैंड के भी 2 गेंदबाज (जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड) हैं। रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन लंच के बाद डेवोन कॉनवे को पवेलियन की राह दिखाई। इस विकेट के साथ ही उन्होंने नाथन लियोन को पीछे छोड़ दिया। खास यह है कि अश्विन ने 25 टेस्ट कम खेलकर नाथन लियोन को पीछे छोड़ा है।
टेस्ट क्रिकेट में 500 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
खिलाड़ी | टेस्ट करियर | मैच | पारियां | गेंदें फेंकी | ओवर फेंके | मेडन रहे | रन दिये | विकेट लिये | पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी | औसत | इकॉनमी | स्ट्राइक रेट | पारी में 4 विकेट | पारी में 5 विकेट |
मुथैया मुरलीधरन (आईसीसी/श्रीलंका) | 1992-2010 | 133 | 230 | 44039 | 7340 | 1794 | 18180 रन | 800 | 9/51 | 22.72 | 2.47 | 55.04 | 45 बार | 67 बार |
शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) | 1992-2007 | 145 | 273 | 40705 | 6784 | 1761 | 17995 रन | 708 | 8/71 | 25.41 | 2.65 | 57.49 | 48 बार | 37 बार |
जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) | 2003-2024 | 188 | 350 | 40037 | 6673 | 1730 | 18627 रन | 704 | 7/42 | 26.45 | 2.79 | 56.87 | 32 बार | 32 बार |
अनिल कुंबले (भारत) | 1990-2008 | 132 | 236 | 40850 | 6808 | 1576 | 18355 रन | 619 | 10/74 | 29.65 | 2.69 | 65.99 | 31 बार | 35 बार |
स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) | 2007-2023 | 167 | 309 | 33698 | 5616 | 1304 | 16719 रन | 604 | 8/15 | 27.68 | 2.97 | 55.79 | 28 बार | 20 बार |
ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) | 1993-2007 | 124 | 243 | 29248 | 4874 | 1470 | 12186 रन | 563 | 8/24 | 21.64 | 2.49 | 51.95 | 28 बार | 29 बार |
रविचंद्रन अश्विन (इंग्लैंड) | 2011-2024 | 104* | 196 | 26742 | 4457 | 899 | 12603 रन | 531 | 7/59 | 23.75 | 2.82 | 50.4 | 25 बार | 37 बार |
नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया) | 2011-2024 | 129 | 242 | 32761 | 5460 | 1044 | 16052 रन | 530 | 8/50 | 30.28 | 2.93 | 61.81 | 24 बार | 24 बार |
कर्टनी वाल्श (वेस्टइंडीज) | 1984-2001 | 132 | 242 | 30019 | 5003 | 1144 | 12688 रन | 519 | 7/37 | 24.44 | 2.53 | 57.84 | 32 बार | 22 बार |
डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र ने खेली अर्धशतकीय पारी
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो खबर लिखे जाने तक 56 ओवर का खेल हो चुका था। न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 183 रन था। रचिन रविंद्र अर्धशतक बना चुके थे। उनके 94 गेंद में 55 रन थे। वह अब तक 3 चौके और एक छक्का लगा चुके थे। डेरिल मिचेल भी 36 गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद थे।
आउट होने वाले बल्लेबाज कप्तान टॉम लैथम, विल यंग और डेवोन कॉनवे रहे। टॉम लैथम 22 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। विल यंग 45 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड ने 24 ओवर में 76 रन पर 2 विकेट गंवा दिये थे। इसके बाद रचिन रविंद्र और डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। डेवोन कॉनवे 11 चौके की मदद से 141 गेंद में 76 रन बनाकर आउट हुए। तीनों विकेट अश्विन ने लिए।