नई दिल्ली : भारतीय टीम एशिया कप 2025 में अपना दूसरा मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की और यूएई को 9 विकेट से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। अब टीम का लक्ष्य इस लय को पाकिस्तान के खिलाफ भी बरकरार रखने का होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच पिछली टी20 इंटरनेशनल भिड़ंत 2024 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क में हुई थी, जिसके बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सभी की निगाहें स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पर टिकी रहेंगी, जिन्हें इस मैच में एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका मिलेगा।
सिर्फ 9 रन दूर हार्दिक पांड्या, पाकिस्तान के खिलाफ बनाएंगे अनोखा रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पांड्या का अब तक का रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने वनडे और टी20 इंटरनेशनल दोनों फॉर्मेट में बल्ले और गेंद से मैच विनर की भूमिका निभाई है। एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए मुकाबले में उन्हें एक और बड़ा कारनामा करने का मौका मिलेगा। हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने बल्ले से 91 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 13 विकेट झटके हैं। ऐसे में अगर वह इस मैच में 9 रन और बना लेते हैं तो पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में 100 से ज्यादा रन और 10 से ज्यादा विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर हार्दिक पांड्या का अब तक का प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या का दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड ठीक-ठाक रहा है। उन्होंने यहां अब तक 8 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 21 के औसत से कुल 84 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 33 रन रहा है। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो हार्दिक ने दुबई में 32.75 के औसत से अब तक 4 विकेट अपने नाम किए हैं। खास बात यह रही कि इनमें से एक मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था।

