नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में पंजाब के लिए शानदार रन बनाने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले दो मुकाबलों में ज्यादा नहीं चला। हालांकि, सीरीज के दूसरे मैच में न्यू चंडीगढ़ में उन्होंने रफ्तार पकड़ी और पारी को आग बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन मार्को यानसेन ने उनकी पारी का अंत कर दिया।
अभिषेक शर्मा ने दूसरे मैच में भारत के लिए पारी की शुरुआत करते हुए 8 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 17 रन बनाए और ऐसा लग रहा था कि वे अपने घरेलू मैदान पर धमाका करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने यह रन 212.50 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ बनाए। इसी पारी के दम पर अभिषेक ने विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने में सफलता हासिल की और टी20आई में भारत की ओर से एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए।
अभिषेक शर्मा ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा
भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब भारत की ओर से टी20आई में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं और उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए 17 रन की पारी के दम पर अभिषेक ने साल 2025 में टी20आई में कुल 790 रन पूरे कर लिए, जबकि कोहली ने साल 2022 में 781 रन बनाए थे। इस तरह अभिषेक ने कोहली का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
भारत की तरफ से टी20आई में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ों की लिस्ट में पहले नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने साल 2022 में 1164 रन बनाए थे। इसी लिस्ट में चौथे नंबर पर भी सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने साल 2023 में 733 रन बनाए। शिखर धवन ने साल 2018 में 689 रन बनाए और वे इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं, जबकि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा 656 रन के साथ छठे स्थान पर मौजूद हैं।
भारत की तरफ से T20I में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
1164 रन – सूर्यकुमार यादव (2022)
790 रन – अभिषेक शर्मा (2025)
781 रन – विराट कोहली (2022)
733 रन – सूर्यकुमार यादव (2023)
689 रन – शिखर धवन (2018)
656 रन – रोहित शर्मा (2022)
641 रन – विराट कोहली (2016)
607 रन – हार्दिक पांड्या (2022)

