नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा, जो इस सीरीज का फैसला करेगा। भारतीय टीम ने पहला वनडे 17 रनों से जीता, जबकि दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 4 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज को बराबरी पर ला दिया। अब सबकी नजरें तीसरे मुकाबले पर टिकी हैं और सवाल यह है कि भारतीय टीम की प्लेइंग 11 कैसी होगी।
तीसरे ODI में यशस्वी जायसवाल पर नजरें
रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 57 रनों की पारी खेलकर अर्धशतक जड़ा था। वहीं उनके ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल अपनी अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए और प्रभावित करने में सफल नहीं रहे। कप्तान केएल राहुल और टीम मैनेजमेंट उन पर एक और भरोसा जताने पर विचार कर सकते हैं। संभावना है कि तीसरे वनडे में यशस्वी रोहित के साथ ओपनिंग करेंगे। तीसरे नंबर पर टीम के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली उतर सकते हैं, जिन्होंने पिछले दो वनडे मैचों में लगातार दो शतक लगाए हैं।
तीसरे वनडे में केएल राहुल निभा सकते हैं विकेटकीपर की भूमिका
तीसरे नंबर पर गायकवाड़ को चौथे नंबर पर मौका मिल सकता है। उन्होंने दूसरे वनडे में धमाकेदार सेंचुरी लगाई और 105 रनों की पारी खेली, जिससे भारतीय टीम 358 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। पाँचवें नंबर पर कप्तान केएल राहुल उतर सकते हैं, जो इस मैच में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी निभा सकते हैं। इसके अलावा, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को भी टीम में एक और अवसर दिए जाने की संभावना है।
तीसरे ODI से पहले प्रसिद्ध कृष्णा और सुंदर की पोजिशन पर संकट
प्रसिद्ध कृष्णा साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और दोनों मैचों में केवल तीन विकेट हासिल कर पाए हैं। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर भी अपेक्षित दमदार खेल नहीं दिखा पाए। ऐसे में तीसरे वनडे के लिए इन दोनों खिलाड़ियों की टीम में जगह पर खतरा मंडरा रहा है। सुंदर की जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिल सकता है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा की जगह नितीश रेड्डी को शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, तेज गेंदबाजी आक्रमण में हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को भी मौका मिलने की संभावना है, और कुलदीप यादव को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
तीसरे वनडे मैच के लिए भारत की संभावित Playing 11:
केएल राहुल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव।

