नई दिल्ली : भारतीय टीम 14 नवंबर, शुक्रवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। इस मैच की प्लेइंग 11 को लेकर दो दिन पहले ही महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ गई है। टीम इंडिया के सहायक कोच रियान टेन डेशकाटे ने बुधवार को पुष्टि की कि ध्रुव जुरेल कोलकाता टेस्ट में खेलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि टीम का एक और खिलाड़ी पहले मैच में नहीं खेल सकता।
ध्रुव जुरेल के हालिया फॉर्म को देखते हुए लगातार ऐसी चर्चा हो रही थी कि उन्हें ऋषभ पंत के साथ टीम में बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज उतरना चाहिए। सौरव गांगुली ने तो उन्हें नंबर 3 पर जगह देने के लिए भी वकालत की थी। अब सहायक कोच डेशकाटे ने मैच से दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ करते हुए कहा, ”मुझे नहीं लगता कि आप उन्हें (जुरेल को) टेस्ट टीम से बाहर रख सकते हैं। प्लेइंग 11 से किसी को तो बाहर जाना ही पड़ेगा।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास कई विकल्प हैं, लेकिन जिस तरह ध्रुव ने पिछले हफ्ते बेंगलुरु में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दो शतक लगाए, उसके बाद इस हफ्ते उनका खेलना तय माना जा सकता है। मुझे हैरानी होगी अगर ध्रुव जुरेल इस टेस्ट की प्लेइंग 11 में नहीं होंगे।” जुरेल ने हाल के दिनों में शानदार फॉर्म दिखाई है। इंडिया ए के लिए एक मैच में दो शतक लगाने के अलावा, उन्होंने भारतीय टीम के लिए भी वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जमाया था।
टीम इंडिया के प्लेइंग 11 में कौन नहीं होगा शामिल?
अगर ध्रुव जुरेल की टीम में एंट्री तय मानी जाए तो किसी अन्य खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा, क्योंकि ऋषभ पंत पहले ही टीम में शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर सहायक कोच रियान टेन डेशकाटे ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि टीम की रणनीति सबसे पहले आती है, फिर किसी खिलाड़ी को मौका दिया जाता है। हमारे विचार नितीश रेड्डी के लिए नहीं बदले हैं। ऑस्ट्रेलिया में उन्हें कम समय मिला था। सीरीज की अहमियत और भारतीय परिस्थितियों को देखते हुए वह इस हफ्ते टेस्ट मैच मिस कर सकते हैं।” यानी इस स्थिति में रेड्डी की जगह जुरेल टीम में शामिल हो सकते हैं, जबकि पेस ऑलराउंडर के बिना भारतीय टीम उतर सकती है।
भारतीय टेस्ट टीम का साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर/उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।

