नई दिल्ली: भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में भी हिस्सा नहीं लिया था। कोलकाता टेस्ट में गिल रिटायर्ड हर्ट होकर पहली पारी के बाद पवेलियन लौटे थे और दूसरी पारी से ही वह मैदान पर नहीं दिखे। अब उनकी चोट को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में वापसी करेंगे।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 9 दिसंबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने वाली है। इस सीरीज में शुभमन गिल खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, गिल बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के लिए पहुंच गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, 50 प्रतिशत से ज्यादा संभावना है कि शुभमन गिल 9 दिसंबर से पहले खेल के लिए फिट हो सकते हैं। हालांकि यह भी स्पष्ट है कि जब तक वह पूरी तरह से 100 प्रतिशत मैच फिट नहीं होंगे, उनकी वापसी संभव नहीं है। भारतीय टीम का टी20 सीरीज के लिए अभी तक स्क्वाड घोषित नहीं हुआ है और उपकप्तान गिल की फिटनेस रिपोर्ट का निश्चित ही इंतजार किया जा रहा होगा।
वहीं मौजूदा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नजर होगी। अब देखना होगा कि इस सीरीज का स्क्वाड कब जारी होता है और शुभमन गिल को इस सीरीज के लिए टीम इंडिया में इंजरी के बाद जगह मिलती है या नहीं? जल्द ही इस पर से तस्वीर साफ हो जाएगी।
भारत-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20 – 9 दिसंबर- कटक (मैच शाम 7 बजे शुरू होगा)
दूसरा टी20- 11 दिसंबर- चंडीगढ़ (मैच शाम 7 बजे शुरू होगा)
तीसरा टी20- 14 दिसंबर- धर्मशाला (मैच शाम 7 बजे शुरू होगा)
चौथा टी20- 17 दिसंबर- लखनऊ (मैच शाम 7 बजे शुरू होगा)
पांचवां टी20- 19 दिसंबर- अहमदाबाद (मैच शाम 7 बजे शुरू होगा)

