नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जहां बाकी भारतीय बल्लेबाज़ रन जुटाने के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए, वहीं तिलक वर्मा ने बेहद जुझारू पारी खेलते हुए टीम को संभाला। भारत ने एक समय 67 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तिलक ने धैर्य और सधी हुई बल्लेबाज़ी का परिचय देते हुए अर्धशतक पूरा किया और टीम की पारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
तिलक वर्मा को अगर इस मैच में दूसरे छोर से किसी एक या दो बल्लेबाज का भी साथ मिला होता तो कहानी बदल सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और भारत को 51 रन से हार मिली। तिलक वर्मा ने इस मैच में 34 गेंदों पर 62 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने 5 जबरदस्त छक्के और 2 चौके भी जड़े साथ ही इन चौकों की मदद से कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
सूर्या से आगे निकले तिलक वर्मा, किया कमाल
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी जारी रहा, जिसमें उन्होंने 4 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाए और आउट हो गए। इसके साथ ही अब वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ नहीं रहे। दूसरे मैच में तिलक वर्मा ने 5 छक्के जड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और भारत की ओर से टी20आई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20आई में तिलक वर्मा ने अब तक 8 पारियों में 26 छक्के लगाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 12 पारियों में 25 छक्के जड़े हैं। तीसरे नंबर पर संजू सैमसन हैं, जिन्होंने 4 पारियों में 19 छक्के लगाए, वहीं रोहित शर्मा ने 16 पारियों में 17 छक्के ही जड़े। यह आंकड़े दिखाते हैं कि तिलक ने कम पारियों में ही इस टीम के खिलाफ सबसे बड़ा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर
26 छक्के – तिलक वर्मा – 8 पारी
25 छक्के – सूर्यकुमार यादव – 12 पारी
19 छक्के – संजू सैमसन – 4 पारी
16 छक्के – रोहित शर्मा – 17 पारी

