नई दिल्ली: भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के लिए साल 2025 टेस्ट क्रिकेट में अब तक बेहद सफल साबित हो रहा है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ दौरे पर 532 रन बनाने के बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज की भी बेहतरीन शुरुआत की है। अहमदाबाद टेस्ट के पहले दिन ही उन्होंने अर्धशतक जमाया, और अब दूसरे दिन की शुरुआत में उन्होंने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। राहुल इस समय 2025 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 में रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि ओपनर के तौर पर इस साल सबसे अधिक टेस्ट रन अब उनके नाम हैं।
केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट से पहले 549 रन इस साल 6 टेस्ट मैच खेलते हुए बनाए थे। वहीं दूसरे दिन जब 53 रन से आगे खेलते हुए पहला रन उनके बल्ले से चौके के रूप में निकला तो उन्होंने बेन डकेट को पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड के ओपनर डकेट ने इस साल अभी तक 602 रन बनाए हैं। अगर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की बात करें तो राहुल दूसरे व डकेट तीसरे स्थान पर हैं। वहीं ओवरऑल 2025 में टेस्ट रन के लिहाज से दूसरे स्थान पर हैं जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स जिनके नाम 648 रन दर्ज हैं। हालांकि, जिम्बाब्वे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। इसलिए WTC के लिहाज से राहुल इस साल दूसरे टॉप स्कोरर बन गए हैं।
शुभमन गिल के रिकॉर्ड पर केएल राहुल की नजर
अब केएल राहुल के निशाने पर अपनी ही टीम के कप्तान शुभमन गिल के आंकड़े हैं। शुभमन गिल इस साल ओवरऑल और WTC दोनों के लिहाज से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर हाल ही में पांच मैच खेलते हुए 754 रन बनाए थे। वहीं पूरे साल में उनके नाम 800 से ज्यादा टेस्ट रन दर्ज हो चुके हैं। वहीं केएल राहुल अगर अपने इस मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो उनके लिए कप्तान गिल को भी पीछे छोड़ टॉप पर आना मुश्किल नहीं होगा। केएल राहुल की नजर होगी भारत में अपने दूसरे टेस्ट शतक पर।
घरेलू ज़मीन पर 9 साल से सूखा, अब तक नहीं आया टेस्ट शतक
केएल राहुल ने भारत में अब तक अपना एकमात्र टेस्ट शतक साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में जड़ा था। उस मुकाबले में उन्होंने शानदार 199 रनों की पारी खेली थी, जो आज भी उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। दिलचस्प बात यह है कि उसी मैच में करुण नायर ने तिहरा शतक लगाकर इतिहास रचा था। राहुल महज़ एक रन से अपना पहला दोहरा शतक चूक गए थे। अगर वह आने वाले मैचों में दोहरा शतक लगाने में कामयाब होते हैं, तो यह न केवल उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर होगा बल्कि भारत में दूसरी टेस्ट सेंचुरी के तौर पर एक यादगार पारी भी बन जाएगी।

