नई दिल्ली : भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 का अपना दूसरा मुकाबला चेन्नई के M. A. Chidambaram Stadium में खेलने उतरेगी। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है, ऐसे में हर रन और हर विकेट की कीमत बढ़ जाती है। चेपॉक की पारंपरिक रूप से धीमी और स्पिन-अनुकूल पिच इस मुकाबले में निर्णायक भूमिका निभा सकती है, जबकि तटीय मौसम और उमस खिलाड़ियों की फिटनेस व रणनीति पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि पिच का मिजाज कैसा रहता है और मैच के दिन मौसम कितना साथ देता है।
मैच से पहले समझें चेपॉक की पिच का हाल
आमतौर पर चेपॉक की पिच को धीमी और स्पिन फ्रेंडली माना जाता है, लेकिन यह वर्ल्ड कप है और यहां आईसीसी के क्यूरेटर पिच बनाते हैं। ऐसे में यहां बल्लेबाजों के लिए मदद होने वाली है। यहां पिछले दोनों शाम के मैचों में 200 और 196 रन पहले खेलने वाली टीमों ने बनाए हैं। इसको देखते हुए इस बार चेन्नई में एक बड़ा स्कोर अगर भारत पहले खेला तो बना सकता है। यह मैच काली मिट्टी की पिच पर ही होगा। अभी तक इस टूर्नामेंट में जितने भी वेन्यू रहे हैं, सबसे बुरा स्ट्राइक रेट और सबसे खराब गेंदबाजी का रिकॉर्ड चेपॉक में ही रहा है। ऐसे में चेपॉक का चक्रव्यूह इस बार बल्लेबाजों के द्वारा तैयार होगा। स्पिनर्स को शायद खास मदद नहीं मिलेगी। वहीं तेज गेंदबाज शुरू में थोड़ा उछाल के जरिए मदद हासिल कर सकते हैं।
मैच के दिन कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के दिन गुरुवार को चेन्नई का आसमान साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण पिच सख्त नजर आ सकती है। शाम होते-होते तापमान लगभग 27 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, सप्ताह की शुरुआत में जारी पूर्वानुमान में गुरुवार दोपहर करीब 25 प्रतिशत बारिश की आशंका बताई गई थी, लेकिन मैच के दिन आते-आते यह अनुमान घटकर शून्य हो गया है।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवान्स, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, बेन करन।

