नई दिल्ली : India women’s national cricket team ने तीन मैचों की वनडे शृंखला के दूसरे मुकाबले में पहले वनडे की तुलना में अधिक संतुलित और सधा हुआ प्रदर्शन किया तथा Australia women’s national cricket team के खिलाफ मजबूत शुरुआत की। ओपनर्स स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने पहले 16 ओवर में 78 रन जोड़कर टीम को ठोस आधार दिया। हालांकि, स्मृति मंधाना के आउट होते ही रन गति कुछ धीमी पड़ गई और पारी को संभालने की जिम्मेदारी मध्यक्रम पर आ गई।
प्रतिका रावल ने संयम से खेलते हुए शानदार अर्धशतक जमाया, मगर एक दुर्भाग्यपूर्ण रनआउट ने उनकी पारी को खत्म कर दिया। भारत ने मध्य के ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। इससे टीम पर दबाव बढ़ा, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाले रखा। हरमनप्रीत कौर की समझदारी भरी बल्लेबाजी और अंत में मिले छोटे-छोटे कैमियो की बदौलत भारत 50 ओवर में नौ विकेट पर 251 रन के स्कोर तक पहुंच पाया। अब सवाल यह है कि क्या यह स्कोर मजबूत ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग लाइन-अप के सामने पर्याप्त साबित होगा?
Pratika Rawal ने जड़ा शानदार अर्धशतक
प्रतिका की 81 गेंद पर 52 रन की पारी ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। भारतीय टीम हालांकि बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। इसके बाद हरमनप्रीत ने 70 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए।
खराब शॉट के कारण मुश्किल में फंसा भारत
भारत के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश की, लेकिन कुछ खराब शॉट के कारण इस शृंखला में लगातार दूसरी बार मुश्किल में फंस गई।
स्वीप करने के चक्कर में बोल्ड हो गईं मंधाना
स्मृति मंधाना पैडल स्वीप करने से चूक गई और एशले गार्डनर (39 रन देकर दो विकेट) की गेंद उनके लेग स्टम्प पर जा लगी। जेमिमा रोड्रिग्स (11) ने ऑफ स्टंम्प के बाहर एक ढीला शॉट खेला और एनाबेल सदरलैंड (37 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठीं। दीप्ति शर्मा (01) अलाना किंग (41 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर तेजी से रन बनाने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गईं। अलाना किंग ने इसके बाद ऋचा घोष (22) को एलबीडब्ल्यू किया।
हरमन-काश्वी ने की महत्वपूर्ण साझेदारी
Kashvee Gautam ने हरमनप्रीत कौर के साथ 7वें विकेट के लिए 55 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई, जिससे भारत 251 रन तक पहुंचने में सफल रहा। ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी में एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड और अलाना किंग के अलावा मेगन शट ने 46 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि निकोला कैरी ने 55 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। भारत ने 78 रन तक एक भी विकेट नहीं गंवाया था। इसके बाद उसका स्कोर 24.1 ओवर में 4 विकेट पर 103 रन हो गया यानी 25 रन के भीतर उसने स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल और दीप्ति शर्मा के विकेट गंवा दिए।

