34.9 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

हॉकी वर्ल्ड लीग में पाकिस्तान को हरा भारत की यह लगातार तीसरी जीत

नई दिल्ली। रविवार (18 जून) की रात लाखों भारतीयों को अचानक ही याद आ गया कि हॉकी देश का राष्ट्रीय खेल है। वजह? चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में भारत की पाकिस्तान के हाथों करारी हार लेकिन हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में भारत की पाक पर 7-1 से जबरदस्त जीत। जी हां हॉकी टीम की इस जीत ने क्रिकेट में मिली हार से आहत लाखों भारतीयों के दिल पर मरहम का काम किया। लेकिन बहुत कम लोगों ने इस बात पर ध्यान दिया की हार-जीत से पहले ही भारतीय हॉकी टीम ने आतंकवादी हमले में मारे गए भारतीय सैनिकों के सम्मान में अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे। भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ही नहीं बल्कि टीम के मैनेजमेंट से जुड़े दूसरे सदस्य भी हाथ पर काली पट्टी बांधे रहे। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से भारत लंबे समय से पीड़ित रहा है। पिछले एक साल में देश में कई आतंकी हमले हो चुके हैं जिसके तार पाकिस्तान से जोड़े गए। ऐसे में बहुत सारे लोग मांग करते रहे हैं कि भारत को पाकिस्तान के संग क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए। वहीं कुछ लोग खेल को खेल की तरह लेते हुए उसे राजनीति से न जोड़ने की बात कहते रहे हैं। ऐसे में भारतीय हॉकी टीम ने दिखाया कि भारत पाकिस्तान से खेलते हुए भी अपने सैनिकों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान जाहिर किया जा सकता है।
हरमनप्रीत सिंह, तलविंदर सिंह और आकाशदीप सिंह के दो-दो गोलों की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के अपने तीसरे पूल मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से मात दी। इस जीत के साथ ही भारत ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। हरमनप्रीत ने (13वें और 33वें), तलविंदर (21वें और 24वें) तथा आकाशदीप (47वें और 59वें) मिनट में गोल किए। प्रदीप मोर ने भी 49वें मिनट में गोल किया। भारत की यह लगातार तीसरी जीत है और उसका सामना 20 जून को नीदरलैंड से होगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान की यह लगातार तीसरी हार है।
दूसरे मिनट में पाकिस्तान के पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल के अवसर को नाकाम करते हुए भारत ने 13वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपना खाता खोला। टीम के लिए यह गोल हरमनप्रीत ने किया। इसके बाद 21वें मिनट में तलविंदर सिंह ने फील्ड गोल दागकर भारतीय टीम को पाकिस्तान पर 2-0 से बढ़त दिलाई। इस बीच, मनदीप सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। पाकिस्तान की सभी कोशिशों को नाकाम करते हुए 24वें मिनट में तलविंदर ने एक बार फिर आगे बढ़कर फील्ड गोल दागा। इस गोल के दम पर भारत ने 3-0 की बढ़त बनाई।
तीसरे क्वार्टर की शुरूआत के बाद दूसरे ही मिनट में चिंग्लेसाना सिंह ने भारत के लिए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और 33वें मिनट में हरमनप्रीत ने इस अवसर को गोल में तब्दील कर भारतीय टीम को 4-0 से आगे किया। पाकिस्तान टीम की ओर से 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल की कोशिश को आकाश चिकते ने शानदार तरीके से विफल किया। इसके बाद सरदार सिंह से मिले पास को 47वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने सफल रूप से पाकिस्तान के खेमे में डाला और स्कोर 5-0 किया। दो मिनट बाद प्रदीप मोर (49वें मिनट) ने टीम के लिए छठा गोल किया।

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles