धर्मशाला। भारत ने टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को सात विकेट से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। रविवार शाम खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 118 रन का लक्ष्य 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के समय शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे, जिन्होंने लगातार दो चौके लगाकर मैच समाप्त किया। इससे पहले धर्मशाला स्टेडियम में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 117 रन पर ऑलआउट हो गई। अफ्रीकी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज सात रन पर तीन विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक 1 रन, रीजा हेंड्रिक्स 0 और डेवाल्ड ब्रेविस 2 रन बनाकर आउट हुए। ऐडन मार्करम ने एक छोर संभालते हुए 46 गेंदों पर 61 रन की अहम पारी खेली, जबकि डोनेवान फरेरा ने 20 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। जवाब में भारतीय ओपनर्स ने तेज शुरुआत दिलाई। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने 31 गेंदों में 68 रन की फिफ्टी साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल ने 28 रन का योगदान दिया। इसके बाद तिलक वर्मा ने नाबाद 26 रन की सधी हुई पारी खेलकर भारत की जीत सुनिश्चित की।

