नई दिल्ली: भारतीय खेल इतिहास में रविवार का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया, जब भारतीय दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार आयोजित ब्लाइंड महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि की सराहना की। इसके अलावा, पीएम मोदी ने विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2025 में भारतीय बॉक्सर्स के शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
कोलंबो के पी सारा ओवल में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को सात विकेट से हराया। पहले गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया ने नेपाल को 114/5 पर रोका और मात्र 12 ओवर में 117/3 बनाकर मैच और खिताब दोनों अपने नाम कर लिए। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही। लीग स्टेज में उसने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, अमेरिका और पाकिस्तान जैसी टीमों को हराया और फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी ने इस उपलब्धि की तारीफ करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का चमकता उदाहरण है। हर खिलाड़ी एक चैंपियन है। यह जीत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।” यह जीत केवल एक मेडल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भारत के दिव्यांग खेलों की पहचान और स्वाभिमान की भी बड़ी जीत माना जा रहा है।
ब्लाइंड क्रिकेट: अलग और खास क्यों है?
ब्लाइंड क्रिकेट एक खास प्रकार की क्रिकेट है, जिसमें फिरकीदार सफेद प्लास्टिक गेंद का इस्तेमाल किया जाता है। इस गेंद में धातु की गोलियाँ होती हैं, ताकि गेंद लुढ़कते समय आवाज करे और खिलाड़ी इसकी दिशा और दूरी का अंदाजा लगा सकें। प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होते हैं, जिन्हें उनकी दृश्य क्षमता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाता है।
बॉक्सिंग में भारत की जबरदस्त मौजूदगी
दृष्टिबाधित महिला टीम की उपलब्धि के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मुक्केबाजी दल की भी सराहना की। विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2025 में भारत ने नौ स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक जीते, जो अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। पीएम मोदी ने लिखा, “हमारे मुक्केबाजों ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया है। उनकी मेहनत और संकल्प भारत के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने नौ स्वर्ण पदकों सहित अभूतपूर्व 20 पदक जीते। यह हमारे मुक्केबाजों के दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्हें बधाई और आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

