नई दिल्ली : भारत के वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच पकड़ते समय बाईं पसली में चोट लग गई। चोट की गंभीरता के कारण अय्यर को कम से कम तीन हफ्ते या उससे अधिक समय तक खेल से दूर रहना पड़ सकता है। इस वजह से उनके 30 नवंबर से रांची में शुरू होने वाली भारत-साउथ अफ्रीका तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने पर संशय बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर जानकारी रखने वाले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, “श्रेयस को मैच के दौरान ही स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था। शुरुआती डायग्नोसिस के मुताबिक, उन्हें जर्क लगा है और उन्हें कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहना होगा। लौटने पर उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट करना होगा। आगे की रिपोर्ट का इंतजार है, तभी पता चलेगा कि उन्हें ठीक होने में और समय लगेगा या नहीं। अगर हेयरलाइन फ्रैक्चर होता है तो इसमें ज्यादा समय लग सकता है।”
जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में उनके हिस्सा लेने के बारे में बताया, “अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। अगर रिटर्न टू प्ले (RTP) में तीन हफ्ते लगते हैं तो 30 नवंबर से पहले यह मुश्किल हो सकता है।” एलेक्स कैरी ने स्लैश शॉट खेला। गेंद थर्ड मैन की तरफ गई। बैकवर्ड पॉइंट पर अय्यर पीछे की ओर दौड़े और अपना बॉडी बैलेंस बनाए रखते हुए एक बहुत मुश्किल कैच पकड़ा। फिर वह जब जमीन पर गिरे और उनकी बाईं पसली में चोट लग गई। उन्हें काफी दर्द हो रहा था और टीम फिजियो कमलेश जैन उन्हें बाहर ले गए।
इसके बाद श्रेयस अय्यर को एहतियातन स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। 30 साल के अय्यर फिलहाल केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं। उन्होंने अपनी पीठ की पुरानी दिक्कतों के कारण रेड बॉल क्रिकेट से छह महीने का ब्रेक लिया था और कुछ समय से भारत की टी20 टीम की योजनाओं से भी बाहर हैं। अय्यर वनडे में 3000 रन के महत्वपूर्ण आंकड़े से सिर्फ 83 रन दूर हैं, और अभी-अभी खत्म हुई सीरीज में एडिलेड में दूसरे वनडे में उन्होंने 61 रन की पारी खेली थी।

