35.7 C
New Delhi
Thursday, March 12, 2026

IND vs NZ: होलकर स्टेडियम में बरसेंगे रन, निर्णायक मुकाबले में भारत-न्यूजीलैंड आज आमने-सामने

इंद्रजीत मौर्य, इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और रविवार को इंदौर के ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में दोनों टीमें ‘करो या मरो’ (Do or Die) के इरादे से निर्णायक मुकाबले के लिए मैदान में उतरेंगी। होलकर स्टेडियम के इतिहास और पिच के मिजाज को देखते हुए क्रिकेट पंडितों और दोनों ही टीमों का मानना है कि रविवार को यहां ‘रनों की बारिश’ होना तय है। मैच दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा।

कीवी खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने अभ्यास सत्र से पहले पत्रकारों से प्रेस कॉन्फ्रेंस में बातचीत करते हुए पिच को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “विकेट काफी शानदार दिख रहा है, यहां खूब रन बनेंगे और मुकाबला कांटे का होगा।” न्यू की पूरी टीम की नजर विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहेगी। वहीं भारतीय खेमे को उम्मीद है कि स्कोर बोर्ड पर 300 से ज्यादा का आंकड़ा आसानी से टंगेगा। छोटी बाउंड्री और सपाट पिच गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं होगी।

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग, गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा

होलकर स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों की पसंदीदा रही है। यह वही मैदान है जहां 14 साल पहले विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 219 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी और टीम इंडिया ने 418 रनों का पहाड़ खड़ा किया था। आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत ने यहां अपने पिछले दो मैचों में क्रमशः 399 और 385 रन बनाए हैं। कल अगर रोहित और कोहली का बल्ला चला तो हो सकता है कि भारतीय टीम 400 रन पार कर जाए।

अभ्यास सत्र में बहाया पसीना

निर्णायक जंग से पहले दोनों टीमों ने नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। भारतीय टीम ने दोपहर के सत्र में कड़ा अभ्यास किया, जबकि न्यूजीलैंड की टीम ने शाम 5:00 बजे फ्लड लाइट्स में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान दोनों टीमों को देखने और मिलने मैदान के आसपास दर्शकों का जमावड़ा चारों ओर रहा। कई दर्शकों के विराट रोहित रोहित को बस में देखकर आँसू भी निकल आए।

टिकट सोल्ड आउट, सड़कों पर दीवानगी

इंदौर में क्रिकेट को लेकर जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। मैच के सारे टिकट पहले ही ‘सोल्ड आउट’ हो चुके हैं। इसके बावजूद स्टेडियम के बाहर और सड़कों पर प्रशंसकों का हुजूम अपने चहेते सितारों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करता दिखा। शहर का माहौल पूरी तरह से क्रिकेटमय हो चुका है।

मौसम का मिजाज

क्रिकेट के लिहाज से मौसम एकदम अनुकूल रहने की संभावना है। तापमान अधिकतम 20 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो खिलाड़ियों के लिए आरामदायक स्थिति है।

क्या अर्शदीप और बडोनी को मिलेगा मौका?

टीम इंडिया के संयोजन पर सभी की निगाहें हैं। चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह स्क्वॉड में शामिल किए गए आयुष बडोनी के डेब्यू पर संशय बरकरार है। पिछले मैच में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिला था, लेकिन उन्होंने मात्र दो ओवर फेंके थे। इंदौर की छोटी बाउंड्री को देखते हुए बडोनी को उतारना जोखिम भरा हो सकता है। वहीं, अर्शदीप सिंह, जो हालिया समय में प्रभावशाली रहे हैं, उन्हें इस सीरीज में अब तक मौका नहीं मिला है। निर्णायक मैच में कप्तान शुभमन गिल गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव कर सकते हैं।

मैच को लेकर मैदान पर कड़े इंतजाम

मैच को लेकर मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन चार दिन पहले ही मैदान को अंतिम रूप दे चुका है उसके बावजूद टीम ने आज पूरे मैदान का निरीक्षण कर अन्य सुविधाओं और सुरक्षा को जाना पहचाना और उसे अंतिम रूप दिया। मैदान के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, हर जगह पुलिस का कड़ा पहरा है। पुलिस बल रात में भी मैदान को लेकर पूरी तरह सजग है ताकि कल मैच में किसी भी तरह की परेशानी ना आए।

संभावित प्लेइंग-11 (Probable Playing XI)

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी/आयुष बडोनी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा/अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।

न्यूज़ीलैंड: डेवन कॉनवे, हेनरी निकल्स, विल यंग, डैरिल मिचेल, मिचेल हे (विकेटकीपर), ग्लेन फ़िलिप्स, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमीसन, ज़ैक फ़ॉक्स, आदित्य अशोक/जेडन लेनक्स।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles