नई दिल्ली / इस्लामाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने की अनुमति दे दी है। यह मैच 15 फरवरी को खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा की।
सरकार ने कहा कि यह फैसला क्रिकेट की भावना की रक्षा, वैश्विक खेल मंच पर खेल की निरंतरता बनाए रखने और अन्य भागीदार देशों के आग्रह को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायके ने फोन पर बातचीत कर भारत-पाकिस्तान मैच खेलने का अनुरोध किया था।
पाकिस्तानी सरकार के अनुसार, बातचीत के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि कठिन समय में पाकिस्तान ने श्रीलंकाई क्रिकेट का समर्थन किया था, इसलिए खेल भावना के तहत यह मैच होना चाहिए। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस आग्रह का स्वागत किया और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लेने की बात कही।
इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। यह निर्णय भी सरकार की ओर से X पोस्ट के जरिए सार्वजनिक किया गया था। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की अपीलों के बाद पाकिस्तान ने अपना रुख बदला।
पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कुछ शर्तों को ICC ने मान लिया है, जबकि भारतीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने पाकिस्तान की तीनों मांगों को खारिज कर दिया है। ICC की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, हालांकि उसने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी ICC मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला गया था। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की टक्कर को लेकर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।

