नई दिल्ली: शेफाली वर्मा ने हाल के दिनों में भारतीय टीम के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है, जिसका उन्हें अब बड़ा इनाम मिला है। आईसीसी ने उन्हें नवंबर 2025 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर शेफाली वर्मा टीम इंडिया की ओर से तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेल चुकी हैं और उन्होंने हर स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
शेफाली वर्मा को महिला वर्ल्ड कप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर रही प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद टीम में जगह मिली थी। इसके बाद उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और अच्छा प्रदर्शन किया। तब साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 78 गेंदों में कुल 87 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और दो छक्के शामिल रहे। बल्लेबाजी के बाद उन्होंने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया और उनके साउथ अफ्रीका की धाकड़ बल्लेबाज टिक नहीं पाईं। उन्होंने 7 ओवर में 36 रन देकर दो विकेट झटके थे। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला था।
शेफाली वर्मा ने कहा कि मैं आभारी हूं कि मैं फाइनल में टीम की सफलता में योगदान दे सकी और पहली बार वर्ल्ड कप जीतने के इतिहास रचने का हिस्सा बन सकी। प्लेयर ऑफ मंथ चुने जाने पर मैं वास्तव में सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं यह अवॉर्ड अपनी टीम के साथियों, कोचों, परिवार और उन सभी को समर्पित करती हूं जिन्होंने अब तक मेरे सफर में मेरा साथ दिया है।
महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए जब भारतीय टीम का ऐलान हुआ था, जब शेफाली वर्मा को इसमें जगह नहीं मिली थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखा और अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्हें टीम से बुलावा आया और उन्होंने कमाल का खेल दिखाया। उन्होंने अभी तक भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में 567 रन और वनडे क्रिकेट के 31 मैचों में कुल 741 रन बनाए हैं। इसके अलावा 90 T20I मैचों में उनके नाम पर 2221 रन दर्ज हैं।

