नई दिल्ली : साल 2025 को अगर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना का साल कहा जाए तो यह गलत नहीं होगा। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट के हर प्रारूप में जमकर रन बनाए। वनडे क्रिकेट में भी मंधाना ने अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया और उनके आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि वह पूरे साल बेहतरीन फॉर्म में रहीं।
साल 2025 में वनडे में मंधाना का बल्ला जमकर बोला और महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर रहीं। यही नहीं पिछले साल महिला वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 बल्लेबाजों में 3 भारतीय महिला बैटर रहीं। मंधाना के अलावा प्रतिका रावल और जेमिमा रोड्रिग्स भी इस लिस्ट में शामिल रहीं।
महिला वनडे 2025: स्मृति मंधाना नंबर-1 पर
साल 2025 में महिला वनडे प्रारूप में स्मृति मंधाना सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 23 वनडे मैचों की 23 पारियों में 1362 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 61.90 का रहा। इस दौरान मंधाना ने 5 शतक और 5 अर्धशतक लगाए, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन रहा। रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ट रहीं, जिन्होंने 21 वनडे मैचों की 21 पारियों में 1174 रन बनाए और इस दौरान 5 शतक व 4 अर्धशतक भी जड़े।
साल 2025 में महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में भारत की प्रतिका रावल तीसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने 21 मैचों में 976 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल रहे। चौथे स्थान पर ताजमिन ब्रिट्स रहीं, जिन्होंने 21 मैचों में 937 रन बनाए और इस दौरान 5 शतक व 2 अर्धशतक जड़े। वहीं पांचवें स्थान पर भारत की जेमिमा रोड्रिग्स रहीं, जिन्होंने 20 मैचों में 771 रन बनाए। जेमिमा के बल्ले से 3 शतक और 2 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 127 रन रहा।
साल 2025 में महिला वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 बैटर
स्मृति मंधाना- 1362 रन
लॉरा वोल्वार्ट- 1174 रन
प्रतिका रावल- 976 रन
ताजमिन ब्रिट्स- 937 रन
जेमिमा रोड्रिग्स- 771 रन

