नई दिल्ली : इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट खेलने के बाद मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने एक बार फिर भारत की व्हाइट-बॉल टीम में वापसी की उम्मीद जताई है। यह अनुभवी ऑलराउंडर अब अपना ध्यान पूरी तरह 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर लगाए हुए है। शार्दुल का लक्ष्य टीम इंडिया में नंबर 8 पर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में जगह बनाना है, और इस पोजीशन पर वे युवा खिलाड़ी हर्षित राणा से सीधी टक्कर लेने को तैयार हैं। 34 वर्षीय शार्दुल अब तक भारत के लिए 47 वनडे, 25 टी20 और 13 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उन्होंने आखिरी बार 2023 वनडे वर्ल्ड कप में पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान संभाला था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शार्दुल ने कहा, “मेरे लिए जरूरी है कि मैं मैच खेलता रहूं और अच्छा परफॉर्म करता रहूं। भारतीय टीम में वापस आने के लिए मुझे अच्छा मैच जिताने वाला परफॉर्मेंस भी करते रहना होगा, जिससे आखिर में सिलेक्शन में मदद मिलेगी। और हां, वनडे वर्ल्ड कप भी साउथ अफ्रीका में है इसलिए नंबर 8 पर बॉलिंग ऑलराउंडर के लिए जगह खाली हो सकती है। बेशक मैं उस जगह पर नजर रखे हुए हूं।”
इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की दहलीज़ पर शार्दुल ठाकुर
शार्दुल ठाकुर ने टीम इंडिया में दोबारा जगह बनाने के अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार चयन के लिए मेहनत करते रहेंगे और जब भी मौका मिलेगा, पूरी तैयारी के साथ टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शार्दुल ने कहा, “जब भी भारतीय टीम को मेरी जरूरत होगी या मेरा चयन किया जाएगा, मैं इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। मेरी तैयारी हमेशा ऐसी रहती है कि अगर कल ही मुझे खेलने के लिए कहा जाए, तो मैं मैदान में उतरने के लिए तैयार रहूं।”
रणजी ट्रॉफी में नजर आएंगे यशस्वी जायसवाल, की पुष्टि
शार्दुल ठाकुर ने पुष्टि की है कि भारत के टेस्ट ओपनर यशस्वी जायसवाल रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में मुंबई की ओर से खेलते नजर आएंगे। यह मुकाबला जयपुर में राजस्थान के खिलाफ खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शार्दुल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, “यशस्वी के पास इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट दोनों का शानदार अनुभव है। उन्होंने हमेशा अपने खेल से सबका मनोरंजन किया है और कभी निराश नहीं किया। वे लगातार बड़े स्कोर बनाते रहे हैं — चाहे डोमेस्टिक हो या इंटरनेशनल मंच।”

