भोपाल। भारतीय खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन जारी रखते हुए बड़ी झील में खेली जा रही ओपन इंटरनेशनल केनों स्प्रिंट चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीते हैं। स्पर्धा के दूसरे दिन रविवार को मेजबानों के हिस्से में 17 पदक आए। इससे उसके पदकों की कुल संख्या 25 पहुंच गई हैं। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, छह रजत और इतने ही कांस्य पदक अपने नाम किए। ओवरऑल पदक तालिका में मेजबानों के खाते में सात स्वर्ण, नौ रजत और इतने ही कांस्य पदक हैं। इसके अलावा पुर्तगाल नौ स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका की चोटी पर कायम है।
बड़ी झील की लहरों से दिन का पहला सोना अनुषा प्रसाद ने निकाला। उन्होंने सी-1 वुमन 500 मी. रेस को 02:30:301 मिनट में पूरी करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस रेस में मध्यप्रदेश अकादमी की मीरा दास (02:31:493) को दूसरा और नाइजीरिया की इम्मानुअल (02:32:048) तीसरे स्थान पर रहीं। उसके बाद सी-2 वुमन 500 मीटर में अंजली वशिष्ठ और इनोचा देवी (02:19:496) की जोड़ी ने स्वर्ण पदक दिलाया। इस रेस का रजत पदक भी भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहा। टी चानू और अनुषा प्रसाद (02:20:831) ने दूसरा स्थान हासिल किया। नाइजीरिया की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। महिलाओं की सी-2 200 मीटर रेस में भी अंजली वशिष्ठ और इनोचा देवी की जोड़ी (00:51:817) अव्वल रही। इस इवेंट में दूसरा स्थान नमिता चंदेल और अनुषा प्रसाद (00:52:454) की जोड़ी को मिला। इस इवेंट में भी नाइजीरियाई खिलाड़ियों को कांस्य पदक मिला। पुरुष वर्ग की सी-2 500 मीटर रेस में सालम सुनील सिंह और गौरव की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। इस जोड़ी ने 01:53:601 मिनट का समय निकाला। इस रेस में कजाकिस्तान (01:56:741) को रजत और भारत के अजीत कुमार और राजू रावत की जोड़ी (01:59:151) को कांस्य पदक मिला। वहीं सी-2 200 मी की रेस को सुनील सिंह और गौरव तोमर ने 00:40:259 मिनट में पूरा करते हुए सुनहरा तमगा जीता। इसमें कजाकिस्तान (00:41:012) को रजत और भारत के अजीत और राजू रावत (00:42:992) को कांस्य पदक मिला।
इन सब के अलावा पुर्तगाली खिलाड़ियों ने के-1 और के-2 200 और 500 मीटर की रेसों (महिला/पुरुष) में स्वर्ण पदक जीते। वहीं सी-1 500 मीटर रेस का स्वर्ण पदक तजाकिस्तान के खिलाड़ी शहरियोर डेमिना ने जीता। उन्होंने इस रेस को 00:25:959 मिनट में पूरा किया। इस रेस का रजत चाइनीज ताइपे (00:26:069) और कांस्य (00:27:087) भारत के हिस्से आया।