नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की फिटनेस परखने के लिए अब ब्रोंको टेस्ट लागू किया गया है। नए स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रॉक्स ने मेन इन ब्लू के लिए इस फिटनेस टेस्ट का सुझाव दिया है, जिसका उपयोग आमतौर पर रग्बी में किया जाता है। इस बीच, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने इस टेस्ट को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिविलियर्स ने यूट्यूब पर कहा, “असल में मुझे तो पता ही नहीं चला कि टीम ने मुझे इसके बारे में कब बताया। मैंने पूछा—‘ब्रोंको टेस्ट क्या होता है?’ लेकिन जब उन्होंने इसकी जानकारी दी, तो मुझे तुरंत समझ आ गया कि यह क्या है। मैं 16 साल की उम्र से यह टेस्ट कर रहा हूं। यहां साउथ अफ्रीका में हम इसे स्प्रिंट रिपीट एबिलिटी टेस्ट कहते हैं।”
ब्रोंको टेस्ट पर डिविलियर्स का बयान: ‘फेफड़े जलने लगते हैं’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिविलियर्स ने कहा, “यह सबसे कठिन कामों में से एक है, जो कोई कर सकता है। मुझे अच्छी तरह याद है कि यूनिवर्सिटी ऑफ प्रिटोरिया और सुपरस्पोर्ट पार्क में, खासकर साउथ अफ्रीका की ठंडी सुबहों में ऑक्सीजन की कमी महसूस होती थी। यहां की ऊंचाई लगभग 1,500 मीटर समुद्र तल से ऊपर है, इसलिए जब ऑक्सीजन कम होती थी तो सचमुच फेफड़े जलने लगते थे।”
ब्रोंको टेस्ट को लेकर सोहम देसाई ने क्या कहा?
इससे पहले आर. अश्विन के पॉडकास्ट पर बात करते हुए भारतीय टीम के पूर्व फिटनेस और ट्रेनिंग कोच सोहम देसाई ने नए ब्रोंको टेस्ट और पुराने यो-यो टेस्ट के बीच की समानताओं और फर्क पर चर्चा की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “यह कोई नया टेस्ट नहीं है, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए इसका एक नया परिचय है। दरअसल, ब्रोंको टेस्ट, यो-यो टेस्ट और 2 किलोमीटर दौड़—ये सभी एथलीट्स की एरोबिक फिटनेस का आकलन करने वाले उपकरण हैं। भारतीय टीम में नए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच के आने के बाद, उनके अनुभव और बैकग्राउंड के आधार पर यह टेस्ट शामिल किया गया है। हालांकि, जिस क्षमता को परखा जा रहा है, वह मूल रूप से यो-यो टेस्ट जैसी ही है।”

