नई दिल्ली : भारतीय टीम 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में खेलेगी। इस मैच से पहले मैदान से जुड़े कुछ पुराने आंकड़े भी सामने आए हैं। भारत ने अब तक इस स्टेडियम में कुल 42 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन खास बात यह है कि इन में से केवल 31 प्रतिशत ही मुकाबले भारत ने जीते हैं, यानी इस मैदान पर भारत का जीत का प्रतिशत 50 प्रतिशत से भी कम है।
ईडेन गार्डेन्स में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड
कुल मैच- 42
जीत- 9
हार- 13
ड्रॉ- 20
भारतीय टीम ने ईडन गार्डेंस के इस ऐतिहासिक मैदान पर अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 2019 में खेला था, जिसमें टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पारी और 46 रन से हराया था। अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस स्टेडियम में पहली बार उतरेगी। इस मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें अब तक तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिनमें से टीम इंडिया ने दो बार जीत हासिल की है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक हुए मैचों का इतिहास
कोलकाता के इस ऐतिहासिक स्टेडियम में अब तक भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। 1996 में भारतीय टीम को यहां साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2008 और 2010 में भारत ने प्रोटियाज को इसी मैदान पर मात दी। यानी, पिछले 29 वर्षों से साउथ अफ्रीका की टीम को इस मैदान पर टेस्ट जीत का इंतजार है।
टीम इंडिया के प्लेइंग 11 को लेकर बढ़ी अनिश्चितता
ईडेन गार्डेंस में भारत का कम सक्सेस रेट देखकर कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर थोड़े चिंतित नजर आ सकते हैं। इसी कारण प्लेइंग 11 को लेकर भी दोनों के सामने चुनौती बढ़ गई है। ऋषभ पंत, जो टीम के उपकप्तान हैं, अब वापस टीम में शामिल हो चुके हैं, वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में प्लेइंग 11 में जुरेल को शामिल करने का सवाल कप्तान और कोच के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, सौरव गांगुली ने सुझाव दिया है कि जुरेल को सुदर्शन की जगह नंबर 3 के बल्लेबाज़ के रूप में खेलाना फायदेमंद हो सकता है।

