नई दिल्ली: भारत की उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ अपने से ऊंची रैंकिंग वाले खिलाड़ियों से हारकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। ओडिशा मास्टर्स 2022 और अबु धाबी मास्टर्स 2023 विजेता 17 वर्ष की उन्नति को थाईलैंड की शीर्ष वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग ने 39 मिनट में 21-14, 21-11 से हराया। दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी मालविका को पूर्व विश्व चैम्पियन थाईलैंड की रेचानोक इंतानोन ने 21-12, 21-16 से हराया।
चीन की ओलंपिक चैम्पियन झेंग किंवेन ने शीर्ष वरीयता प्राप्त एरिना सबालेंका को 6-4, 6-3 से हराकर इटालियन ओपन टेनिस के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उनका सामना कोको गॉफ से होगा। 22 वर्ष की झेंग इससे पहले सबालेंका के खिलाफ छह मैच हार चुकी थी। पुरुष वर्ग में कार्लोस अल्कारेज ने जैक ड्रेपर को 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अब उनका सामना इटली के लोरेंजो मुसेत्ती से होगा जिसने गत चैम्पियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 7-6, 6-4 से हराया। गाफ ने मिर्रा आंद्रीवा को 6-4, 7-6 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में जैसमीन पाओलिनी का सामना पेटोन स्टीयर्न्स से होगा। बुधवार को ही शीर्ष रैंकिंग वाले यानिक सिनेर ने नये पोप से मुलाकात करके उन्हें टेनिस रैकेट तोहफे में दिया और खेलने का न्यौता भी दिया। पहले अमेरिकी पोप लियो 14 टेनिस के प्रशंसक हैं।
भारत में खेलों की पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, भारत के प्रमुख निजी क्षेत्र के एक बैंक ने लक्ष्य शूटिंग क्लब (एलएससी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत नवी मुंबई में हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी)’ की स्थापना की जाएगी। लक्ष्य शूटिंग क्लब की चेयरमैन और एक शानदार कोच सुमा शिरूर ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। यह विशेष शूटिंग सेंटर विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा, समग्र एथलीट विकास कार्यक्रम, और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां प्रदान करेगा ताकि उभरते हुए शूटर्स को संवारने में सहायता मिल सके। यह सेंटर ओलंपिक स्तर के एलीट शूटर्स को प्रशिक्षित करेगा और संभावित प्रतिभाओं को पहचानने के लिए एक खुला और समावेशी मंच तैयार करने का प्रयास करेगा। इस सहयोग का उद्देश्य शूटिंग खेलों में भारत को वैश्विक मंच पर उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर करना है।

