32.7 C
New Delhi
Saturday, April 19, 2025

INDvsENG : वर्षा प्रभावित मैच में एंडरसन ने भारत की पहली पारी को 107 पर समेटा

लॉर्ड्स। जेम्स एंडरसन की घातक गेंदबाजी (20/5) के चलते इंग्लैंड ने शुक्रवार को दूसरे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी को सस्ते में समेट दिया। भारत की पहली पारी वर्षा प्रभावित दूसरे दिन 35.2 ओवरों में 107 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही जब एंडरसन ने पहले ही ओवर में शानदार आउट स्विंगर पर विजय को बोल्ड कर दिया। अभी भारत इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि एंडरसन की शानदार गेंद पर राहुल (8) ने विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो को कैच थमा दिया। भारत ने पहली पारी में जब 6.3 ओवर में 2 विकेट पर 11 रन बनाए थे तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। एक घंटे से ज्यादा समय तक खेल नहीं हो पाया। इसके बाद खेल शुरू हुआ लेकिन भारत की समस्या कम नहीं हुई। एंडरसन की गेंद को पुजारा (1) ने ऑफ साइड में खेला और रन के लिए दौड़े। दूसरे छोर से विराट भी तेजी से बाहर निकले लेकिन ओली पोप को गेंद पर झपटते देख वे वापस लौट गए। पोप ने पुजारा को रन आउट कर दिया। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। दूसरी बार जब वर्षा के कारण खेल रोका गया तब भारत ने 8.3 ओवरों में 3 विकेट पर 15 रन बना लिए थे। विराट 3 रन बनाकर क्रीज पर थे। इसके बाद स्थानीय समयानुसार शाम 5.10 बजे खेल फिर शुरू हुआ। तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान ‍अजिंक्य रहाणे ने पारी को संभालने की कोशिश की।
क्रिस वोक्स ने इस साझेदारी को तोड़ा जब उन्होंने विराट (23) को दूसरी स्लिप में जोस बटलर के हाथों झिलवाया। हार्दिक पांड्या (11) इस बार भी असफल रहे और वोक्स की गेंद पर बटलर को कैच थमा बैठे। रहाणे के पास अपनी उपयोगिता साबित करने का सुनहरा मौका था, लेकिन वे 18 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर एलिस्टेयर कुक को कैच दे बैठे। एंडरसन ने इसके बाद कुलदीप यादव को तो खाता भी नहीं खोलने दिया, वे एलबीडब्ल्यू होकर पैवेलियन लौटे। इसके बाद स्टुअर्ट ब्रॉड ने रविचंद्रन अश्विन को एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने सर्वाधिक 29 रन बनाए। अश्विन ने रिव्यू लिया, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिला। एंडरसन ने ईशांत शर्मा को एलबीडब्ल्यू कर भारतीय पारी को समेटा। उन्होंने 20 रनों पर 5 विकेट लिए। मोहम्मद शमी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रिस वोक्स ने 2 और ब्रॉड तथा कुरैन ने 1-1 विकेट लिए। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में भारत ने दो बदलाव किए हैं। शिखर धवन को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली है। चेतेश्वर पुजारा को मौका मिला है। वहीं उमेश यादव के स्थान पर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को जगह दी गई है। इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स की जगह क्रिस वोक्स को मौका दिया। डेविड मलान की जगह ओली पोप को लिया गया। लॉर्ड्स में 17 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ कि पूरे पहले दिन का खेल नहीं हो पाया। मई 2001 में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान ऐसा हुआ था।
टीम : इंग्लैंड : जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर, स्टुअर्ट ब्रॉड, एलिस्टेयर कुक, सैम कुरैन, कीटन जैनिंग्स, ओली पोप, आदिल रशीद, क्रिस वोक्स।
भारत : मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी।

Related Articles

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles