देव व आदित्य उलटफेर कर बालक एकल के फाइनल में बालिका एकल का खिताबी मुकाबला डेनमार्क की कैरोलिन और ग्रेट ब्रिटेन की डेविस के बीच
इंदौर : मध्यप्रदेश टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित व यलो डायमंड द्वारा प्रायोजित इंटरनेशनल वल्र्ड टेनिस टूर जूनियर आईटीएफ जे-60 ग्रेड-4 टेनिस चैंपियनशिप के बालक एकल के सेमीफाइनल में बड़े उलटफेर हुए और अब खिताबी मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त भारत के देव विपुल पटेल और चैथी वरीयता प्राप्त आदित्य मोर के मध्य होगा। वहीं बालिका एकल में दोनों शीर्ष वरीयता खिलाड़ी डेनमार्क की कैरोलिन हार्मंस, ग्रेट ब्रिटेन की डेविस कापानिक ने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबले शनिवार 31 जनवरी 2026 को दोपहर 2.30 बजे से खेले जाएंगे।
इन्दौर टेनिस क्लब में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टेनिस स्पर्धा में बालक एकल के दोनों सेमीफाइनल बेहद ही रोचक अंदाज में खेले गए। पहले सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त देव विपुल पटेल ने शीर्ष क्रम के तविश पाहवा को तीन सेटों के कड़े मुकाबले में 3-6, 7-5, 4-1 से पराजित किया। हालांकि तीसरे सेट में तविश स्वास्थ्य कारणों से मैच से हट गए और देव को फाइनल में स्थान मिल गया। पहला सेट तविश ने अपने चितपरिचित अंदाज में खेलते हुए आसानी से अपने नाम कर लिया था। दूसरे सेट में देव ने जोरदार वापसी की और तविश की सर्विस ब्रेक करते हुए सेट 7-5 से अपने नाम कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में भी तविश 4-1 से आगे थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे मैच छोड़ने पर मजबूर हुए, जिसके बाद देव को फाइनल में प्रवेश मिल गया।
दूसरे सेमीफाइनल में चैथी वरीयता प्राप्त भारत के आदित्य मोर ने दूसरी वरीयता प्राप्त तनुष घिलदयाल को तीन सेटों के मैराथन मुकाबले में 6-4, 2-6, 6-1 से पराजित किया । पहला सेट थोड़े संघर्ष में जीतने के बाद दूसरे सेट में आदित्य लय बरकरार नहीं रख सके और तनुष ने मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में आदित्य ने बेहतरीन सर्विस और सटिक ग्राउंड स्ट्रोक लगाते हुए आसानी से सेट अपने नाम कर फाइनल में स्थान पक्का किया।
बालिका वर्ग में विदेशी खिलाड़ियों का रहा दबदबा
बालिका एकल का खिताबी मुकाबला दोनों शीर्ष वरीयता प्राप्त विदेशी खिलाड़ी डेनमार्क की कैरोलिन हार्मंस और ग्रेट ब्रिटेन की डेविस कापानिक के मध्य खेला जाएगा। दोनों ही खिलाड़ी इस पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार खेल से हर किसी को प्रभावित किया और फाइनल तक का सफर तय किया । पहले सेमीफाइनल में डेनमार्क की कैरोलिन हार्मंस ने अमेरिका की तन्वी पांडे को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से पराजित किया। दोनों ही सेट में तन्वी कैरोलिन के सामने संघर्ष करते हुए नजर आई। कैरोलिन की तेज तर्रार सर्विस और बेहतरीन फोर हैंड शाॅट की बदौलत फाइनल में दस्तक दी । दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त ग्रेट ब्रिटेन की डेविस कापानिक ने भारत की अराध्या मीना को 6-4, 6-7(2), 6-2 से पराजित किया। पहला सेट जीतने के बाद डेविस की दूसरे सेट में लय बिगड़ गई और उसका फायदा अराध्या ने उठाते हुए टाईब्रेक में सेट जीतकर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में डेविस ने फिर लय पकड़ी और अराध्या की सर्विस ब्रेक करते हुए सेट और मैच अपने नाम कर लिया।
श्रीनिति व ऐंजल तथा आदित्य व देव युगल में बने चैंपियन
बालिका युगल का खिताब तीसरी वरीयता श्रीनिति चैधरी व ऐंजल पटेल ने अपने नाम किया। श्रीनिति व ऐंजल ने चैथी वरीयता प्राप्त भारत की तेजस्वी मेनेनी व अमेरिका की तन्वी पांडे को 6-1, 7-5 से पराजित किया। पहले सेट में श्रीनिति व ऐंजल ने पहला सेट आसानी से अपने नाम किया। दूसरे सेट में श्रीनिति व ऐंजल को थोड़ा संघर्ष करना पड़ा, क्योंकि दोनों तेजस्वी और तन्वी ने जोरदार वापसी करते हुए सेट को 5-5 से बराबरी पर ला दिया, लेकिन तीसरी वरीयता प्राप्त श्रीनिति व ऐंजल ने धैर्य के साथ खेलते हुए सेट और मैच अपने नाम कर खिताब भी जीत लिया। बालक युगल का खिताब दूसरी वरीयता प्राप्त आदित्य मोर व देव विपुल पटेल के नाम रहा। शीर्ष वरीयता प्राप्त तविश पाहवा व प्रकाश सारन स्वास्थ्य कारणों से खेलने नहीं उतरे। युगल वर्ग का पुरस्कार म.प्र. टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन, इंदौर टेनिस क्लब के ट्रस्ट्री बी.एस. छाबड़ा, टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर, चीफ रैफरी एंटोन डिसूजा के आतिथ्य में हुआ। संचालन इरफान अहमद ने किया।

