मैच का सीधा प्रसारण रात 8:00 बजे से सोनीसिक्स/सेटमैक्स चैनल पर
मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग में खिताबी हैट्रिक का सपना देख रही मुंबई इंडियंस बुधवार को अपने घरेलू मैदान पर 10वें संस्करण के फाइनल का टिकट कटाने के लिए पहले क्वालिफायर मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स से भिड़ेगी। इस सत्र में पुणे ने दो बार मुंबई इंडियंस को हराया है। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल पहुंचेगी जबकि हारने वाली टीम क्वालीफायर 2 मैच खेलेगी। आईपीएल में मुंबई इंडियंस की टीम सफल टीमों में है जिसने दो बार (2013, 2015) चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। 2010 में मुंबई यहां उपविजेता भी रही थी। इस साल मुंबई लीग के 14 मैचों में सर्वाधिक 10 जीतकर 20 अंकों के साथ शीर्ष पर रही है। लीग में मात्र अपना दूसरा संस्करण ही खेल रही पुणे की टीम ने कई अनुभवी टीमों को चौंकाते हुए पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई है और वह 14 मैचों में नौ जीतकर 18 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही। महाराष्ट्र की इन दो घरेलू टीमों के बीच निश्चित ही पहले क्वालिफायर में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी जहां मुंबई अपनी इसी लय को कायम रखते हुए फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी तो पुणे भी सीधे ही फाइनल में जगह बनाना चाहेगी।
वानखेड़े में मुंबई इंडियंस ने जीते 5 मैच: मुंबई इंडियंस ने इस बार अपने घरेलू वानखेड़े स्टेडियम पर सात मैच खेले और उसमें उसे पांच मैचों में जीत मिली। उसने दो मैच खोया। मुंबई इंडियंस को पुणे ने तीन रन से आैर किंग्स इलेवन पंजाब ने सात रन से हराया था।
डेथ ओवरों में बुमराह का प्रदर्शन अच्छा रहा है ।
पुणे का मजबूत पक्ष : राहुल त्रिपाठी, कप्तान स्टीव स्मिथ और बेन स्टोक्स छाए। इनमें से बेन स्टोक्स इंग्लैंड लौट गए हैं। स्टोक्स ने 11 मैचों में 316 रन बनाए आैर 12 विकेट झटके।
तेज गेंदबाजों जयदेव उनादकट (21 विकेट), शार्दुल ठाकुर (8 विकेट) और डैनियल क्रिश्चियन (9 विकेट) ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह,जोस बटलर, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, पार्थिव पटेल, कीरन पोलार्ड, नीतीश राणा, हरभजन सिंह, मिशेल जॉनसन, अंबाती रायडू, कर्ण शर्मा, लेंन्डल सिमंस, सौरभ तिवारी आैर विनय कुमार में से।
राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स : स्टीव स्मिथ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, महेंद्र सिंह धोनी, डेनियल क्रिश्चियन, लॉकी फर्ग्यूसन, उस्मान ख्वाजा, वाशिंगटन सुंदर, मनोज तिवारी, एडम जंपा, जयदेव उनादकट, राहुल त्रिपाठी, शार्दुल ठाकुर, रजत भाटिया, दीपक चाहर, राहुल चाहर में से।