नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के मैच नंबर 67 में मुंबई इंडियंस (एमआई) 17 मई (शुक्रवार) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ मुकाबला करके अपने अभियान को शानदार तरीके से समाप्त करना चाहेगी। मुंबई आईपीएल 2024 के प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम थी। लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावनाएं अधर में लटकी हुई हैं। प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें मुख्य रूप से अन्य टीम के परिणामों पर निर्भर करती हैं, भले ही वह मुंबई इंडियंस के खिलाप जीत ही क्यों न जाए। मुंबई इंडियंस 13 में से 4 मैच जीतकर आईपीएल 2024 की अंक तालिका में सबसे नीचे है। केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 13 में से 6 मैच में जीत हासिल की है। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने का एकमात्र मौका यही था कि वह मुंबई इंडियंस को 94 रन से हराए और फिर उम्मीद करता कि सनराइजर्स हैदराबाद दोनों मैच 194 रन के संयुक्त अंतर से हारे। चूंकि SRH का 1 मैच रद्द हो गया इसलिए उसकी संभावनाएं और धूमिल हो गईं।
MI vs LSG हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
मुंबई और लखनऊ ने अब तक एक-दूसरे के खिलाफ 5 आईपीएल मैच खेले हैं। इसमें मुंबई इंडियंस एक में विजयी हुई। एलएसजी ने 4 में जीत हासिल की है। लखनऊ के खिलाफ मुंबई का अब तक का उच्चतम स्कोर 182 रन है। एमआई (MI) के खिलाफ एलएसजी का उच्चतम स्कोर 199 रन है। ये दोनों टीमें आखिरी बार इसी साल 30 अप्रैल को भिड़ी थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने वह मैच 4 विकेट से मैच जीता था। उस मैच में एलएसजी के मार्कस स्टोइनिस ने 45 गेंद में 62 रन की पारी खेली थी। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। वानखेड़े स्टेडियम पर दोनों टीमों के बीच यह दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले 24 अप्रैल 2022 को हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 36 रन से जीत हासिल की थी। मुंबई इंडियंस सिर्फ 1 बार 2023 में एलएसजी को हराने में कामयाब रही है।
वानखेड़े स्टेडियम पिच रिपोर्ट
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम की ऐसी पिच है जो आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल होती है। पिच पर अच्छा बाउंस और कैरी के साथ सपाट प्रकृति दिखती है। ऐसी परिस्थिति बल्लेबाजों को आक्रामक तरीके से खेलने की मंजूरी देती है। वानखेड़े स्टेडियम की बाउंड्री भी अपेक्षाकृत छोटी हैं। इसके सामने की बाउंड्री लगभग 68-72 मीटर है, जबकि साइड बाउंड्री 64 से 68 मीटर के बीच है। सरल शब्दों में कहें तो छोटी बाउंड्री के कारण बल्लेबाज आसानी से ज्यादा से ज्यादा चौके-छक्के लगा सकते हैं, इसलिए यह कहने में कोई हर्ज नहीं है कि यह बल्लेबाजी का स्वर्ग है। हालांकि, पिच से खासकर शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। उम्मीद है कि कप्तान खेल के उत्तरार्ध में स्पिनर्स को लाएंगे, क्योंकि इसकी शुष्क प्रकृति से वे अच्छी पकड़ बना पाएंगे। इस मैदान पर ओस भी एक बड़ा कारक है। ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए यह उम्मीद की जाती है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले क्षेत्ररक्षण का विकल्प चुनेगी। इस मैदान पर खेला गया आखिरी मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच था। उस मैच में SRH ने 20 ओवर में 173/8 रन बनाए। घरेलू टीम मुंबई ने 17.2 ओवर में लक्ष्य (174/3) हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत हासिल की। सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंद में 102 रन की नाबाद पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
मौसम का पूर्वानुमान
मुंबई में 17 मई 2024 को तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेट के आसपास रहेगा, लेकिन आर्द्रता अधिक (लगभग 68%) होने के कारण ऐसा लगेगा कि 40 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी पड़ रही है। इसका यह भी मतलब है कि खेल की दूसरी पारी में ओस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। बारिश की 15% संभावना है।