नई दिल्ली : आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मैच 18 अप्रैल को महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में 6-6 मैच खेले हैं और दोनों ने ही सिर्फ 2-2 गेम ही जीते हैं। दोनों टीमें इस समय अंक तालिका में क्रमशः आठवें और नौवें नंबर पर हैं और अपनी रैंकिंग में सुधार के लिए उत्सुक होंगी। पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस का मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
बल्लेबाजी की समस्या से जूझ रही पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स ने हाल के मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी विभाग में सुधार दिखाया है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी एक बड़ी चिंता बनी हुई है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मैच में पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने 147 के कुल स्कोर का लगभग बचाव कर लिया था। इसी कारण मैच 19वें ओवर तक चला गया। पंजाब किंग्स को टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए लगातार जीत की जरूरत है। शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा का विश्वसनीय फिनिशर के रूप में उभरना टीम के लिए सकारात्मक बात है। हालांकि, शिखर धवन का बाहर होना उसके लिए झटका है। शिखर धवन कंधे की चोट के कारण 7-10 दिन तक बाहर रहेंगे। धवन की गैरमौजूदगी में ओपनिंग को लेकर पंजाब किंग्स की समस्या बढ़ गई है। उसे प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए बल्लेबाजी लाइनअप को मजबूत करना ही होगा।
ये है पंजाब किंग्स का फुल स्क्वॉड
पंजाब किंग्स की पूरी टीम: अथर्व तायडे, जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, सैम करन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शशांक सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह, राहुल चाहर, विद्युत कवरप्पा, हरप्रीत सिंह भाटिया, नाथन एलिस, तनय त्यागराजन, शिवम सिंह, शिखर धवन, रिले रोसौव, क्रिस वोक्स, ऋषि धवन, सिकंदर रजा, प्रिंस चौधरी, विश्वनाथ सिंह।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-11
जॉनी बेयरस्टो, अथर्व तायडे, सैम करन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा। (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: प्रभसिमरन सिंह/राहुल चाहर)।
रोहित के शतक बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई थी मुंबई इंडियंस
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने हालिया मुकाबले में रोहित शर्मा के शतक के बावजूद मुंबई इंडियंस को हार झेलनी पड़ी। दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहने के कारण मुंबई इंडियंस ने 20 रन से मुकाबला गंवा दिया। एमएस धोनी की 4 गेंदों पर 20 रन की प्रभावशाली पारी चेन्नई सुपर किंग्स महत्वपूर्ण साबित हुई। दुर्भाग्य से मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से निराश किया। हार्दिक पंड्या चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में केवल दो रन बना पाए और 3 ओवर में 43 रन दिए। लगातार दो जीत के बाद इस हार ने उनके आत्मविश्वास को हिला दिया होगा। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत न केवल मुंबई इंडियंस का मनोबल बढ़ाएगी बल्कि अंक तालिका में सातवें स्थान पर भी पहुंचा देगी।
ये है मुंबई इंडियंस का फुल स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस की पूरी टीम: रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, मोहम्मद नबी, श्रेयस गोपाल, गेराल्ड कोएत्जी, जसप्रीत बुमराह, आकाश मधवाल, डेवाल्ड ब्रेविस, नमन धीर, नेहल वढेरा, हार्विक देसाई, शम्स मुलानी, अर्जुन तेंदुलकर, कुमार कार्तिकेय, शिवालिक शर्मा, अंशुल कम्बोज, नुवान तुषारा, क्वेना मफाका, ल्यूक वुड, पीयूष चावला।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, रोमारियो शेफर्ड, श्रेयस गोपाल, गेराल्ड कोएत्जी, जसप्रीत बुमराह, आकाश मधवाल। (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प: सूर्यकुमार यादव)।