नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में शनिवार (12 अप्रैल) को दिल्ली के 28 वर्षीय बल्लेबाज हिम्मत सिंह ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू किया। हिम्मत को ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मिचेल मार्श की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह मिला। मार्श अपनी बीमार बेटी की देखभाल के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से बाहर हो गए हैं। मार्श 5 मैचों में 265 रन बनाकर ऑरेंज कैप की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने पांच पारियों में चार अर्द्धशतक जड़े हैं।
हिम्मत सिंह की बात करें तो वह आईपीएल 2025 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्हें खेलने को नहीं मिला। हिम्मत ने दिल्ली के लिए सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट और दिल्ली प्रीमियर लीग में अच्छा प्रदर्शन किया था। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक में 148 और डीपीएल में 165 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। आईपीएल मेगा ऑक्शन में लखनऊ ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था।
अली ट्रॉफी 2024
हिम्मत सिंह ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में 8 मैच की 8 पारियों में 133 गेंद पर 49.25 के औसत और 148.12 के स्ट्राइक रेट से 197 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 130 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से 900 से अधिक रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नवंबर 2024 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 77 रन है। वह टी20 क्रिकेट में 40 से अधिक छक्के जड़ चुके हैं।
हिम्मत सिंह का प्रदर्शन
हिम्मत सिंह ने दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। वह ईस्ट दिल्ली राइडर्स के कप्तान थे। वह टूर्नामेंट में प्रियांश आर्या और आयुष बदोनी के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 10 मैच में 63.5 के औसत और 165.65 के स्ट्राइक से 381 रन बनाए। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। 85 उनका सर्वोच्च स्कोर था।

